
एम्स निर्माण के लिए तीन महीने में मिट्टी भराई का कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित।
दरभंगा: समाहरणालय अवस्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव आम्बेदकर सभागार में मंगलवार को डीएम राजीव रौशन की अध्यक्षता में तकनीकी पदाधिकारियों की जिलास्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गयी।
बैठक में शहरी आधारभूत संरचना प्रमंडल, लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड, ग्रामीण कार्य प्रमंडल, बेनीपुर, ग्रामीण कार्य प्रमंडल, बिरौल, ग्रामीण कार्य प्रमंडल, दरभंगा-1, ग्रामीण कार्य प्रमंडल, दरभंगा-2, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन, दरभंगा-1, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन, बेनीपुर-2, बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड, भवन निर्माण संरचना प्रमंडल, बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास लिमिटेड, बिहार राज्य चिकित्सा आधारभूत संरचना, पथ निर्माण विभाग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गयी।
भवन निर्माण के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि दरभंगा एयरपोर्ट पर व्यू-कटर का कार्य अंतिम चरण में है। केवल 50 मीटर में लगाना शेष रह है। रनवे पर फेसिंग का काम भी तेजी से चल रहा है। डीएम ने इसे 10 फरवरी तक पूरा करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि फेंसिंग का कार्य पूर्ण होने के बाद ही जंगली सूअर और नीलगाय को हवाई अड्डा क्षेत्र से अन्यत्र हटाया जा सकेगा। बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास लिमिटेड के अभियंता ने बताया कि एम्स की जमीन पर मिट्टी भराई का काम शुरू कर दिया गया है। इसे दो हिस्से में बांटा गया है। 50 एकड़ का सूखा भाग एवं 25 एकड़ जलमग्न भाग। सभी मशीन आ चुकी है। तीन महीने में मिट्टी भराई का कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा बताया गया कि कुशेश्वरस्थान-फुलतोड़ा पथ में कुल चार उच्चस्तरीय पुल का निर्माण कार्य निर्धारित समय के अनुसार चल रहा है। स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन-2, बेनीपुर ने बताया कि कब्रिस्तान घेराबन्दी की 25 योजनाएं पूर्ण कर ली गयी हैं। आठ योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड ने बताया कि नेहरू स्टेडियम में निर्मित प्रेक्षागृह सह आर्ट गैलरी का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। साउड, लाईट एवं वीडियो प्रोजेक्टर का कार्य शेष है।

जिलाधिकारी ने इसे शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया। बैठक में बताया गया कि हायाघाट में मानू पॉलटेकनिक कैम्पस में सौ शय्या वाले बालिका छात्रावास का निर्माण तेजी से चल रहा है। प्रथम तल की ढलाई का कार्य पूर्ण हो चुका है। उसी परिसर में सौ शय्या वाले बालक छात्रावास का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। केवटी प्रखंड में 560 आवासन क्षमता वाले अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय का निर्माण कार्य चल रहा है।
भवन निर्माण संरचना प्रमंडल ने बताया कि दरभंगा अभियंत्रण महाविद्यालय में 200 शय्या वाले बालिका छात्रावास एवं 300 शय्या वाले बालक छात्रावास की निविदा निष्पादन की प्रक्रिया में है। अप्रैल से काम शुरू हो जाएगा। आईटीआई, बिरौल एवं बेनीपुर को निर्धारित समय के अन्दर पूरा करने का निर्देश दिया गया। डीएम ने सभी तकनीकी विभागों का जमीन उपलब्धता एवं अतिक्रमण के मामले को पत्र के माध्यम से अवगत कराने का निर्देश दिया, ताकि उनका शीघ्र निराकरण कराया जा सके। उन्होंने कहा कि जिस दिन अतिक्रमण हटाया जाए, उसी दिन से निर्माण कार्य प्रारंभ होना चाहिए।
इसके साथ ही अन्य योजनाओं की समीक्षा की गयी एवं ससमय पूरा कराने के निर्देश दिये गये। बैठक में डीडीसी तनय सुल्तानिया, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के निदेशक गणेश कुमार, उप निदेशक, जनसम्पर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता, जिला पंचायती राज पदाधिकारी आलोक राज, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी मो. रिजवान अहमद एवं तकनीकी विभाग के अभियंता मौजूद थे।

