
जिलाधिकारी ने किया बाल गृह एवं विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान का निरीक्षण।
दरभंगा: डीएम राजीव रौशन की अध्यक्षता में जिला निरीक्षण समिति ने मंगलवार को जिले के बाल गृह, पर्यवेक्षक गृह एवं विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान का निरीक्षण किया। डीईओ विभा कुमारी, स्वास्थ्य विभाग के डीएमओ जय प्रकाश महतो, सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई नेहा नूपुर, अजीत मिश्रा, गुंजन कुमारी, सदस्य किशोर न्याय परिषद तथा वीरेन्द्र कुमार झा, अध्यक्ष, बाल कल्याण समिति ने सदस्यों के रूप में निरीक्षण में भाग लिया।
निरीक्षण के दौरान बाल संरक्षण पदाधिकारी पंकज सिन्हा के साथ दोनों गृहों के अधीक्षक व अन्य कर्मी उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि किशोर न्याय नियमावली, 2017 की धारा 41 के तहत जिला निरीक्षण समिति प्रत्येक तीन माह पर जिले में संचालित विभिन्न बाल देखरेख संस्थानों का निरीक्षण कर अपना प्रतिवेदन समाज कल्याण विभाग को प्रपत्र 46 में भेजती है। सर्वप्रथम डीएम सैदनगर स्थित बाल गृह पहंुचे। वहां उन्होंने गृह में उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए बच्चों से मित्रतावत बात की। डीएम को सहायक निदेशक ने जानकारी दी कि वर्तमान में बाल गृह में कुल 34 बच्चे आवासित हैं।

इनमें 11 बच्चे विशेष आवश्यकता (दिव्यांग) वाले हैं। उन्होंने बताया कि चार बच्चे समस्तीपुर जिले के, एक मधुबनी, एक गया और शेष दरभंगा जिले के बच्चे हैं। नौ बच्चों के परिवार की खोज कर पुनर्वास की प्रक्रिया की जा रही है। डीएम ने बच्चों से खानपान, शिक्षा, खेलकूद एवं पुनर्वास के संबंध में जानकारी प्राप्त की। वह बाल गृह की साफ-सफाई से संतुष्ट हुए। साथ ही उन्होंने बड़े बच्चों का आयु निर्धारण कराकर उन्हें व्यवसायिक प्रशिक्षण से जोड़ने का निर्देश दिया। इस पर बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष वीरेन्द्र झा ने एक बच्चे को केएफसी में रोजगार दिलाने की प्रक्रिया करने की जानकारी दी।
इसके बाद डीएम पर्यवेक्षण गृह पहुंचे। उन्हें जानकारी दी गयी कि वर्तमान में 81 बच्चे यहां आवासित हैं, जिनमें आठ दरभंगा के, 26 समस्तीपुर के तथा 47 मधुबनी जिले के हैं। डीएम ने बच्चों से बात कर पर्यवेक्षण गृह में दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। सहायक निदेशक ने बताया कि गृह के छह बच्चों ने इंटर की परीक्षा दी है तथा एक बच्चा मैट्रिक की परीक्षा में शामिल होगा। गृह में डिजिटल लर्निंग बोर्ड, प्रोजेक्टर, लाइब्रेरी आदि की व्यवस्था पायी गयी। निरीक्षण के दौरान बच्चे बॉलीबाल, बैडमिटन आदि खेल रहे थे।

इसके बाद विशिष्ट दत्तक संस्थान के निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि एक बच्चा (छह माह का) तथा एक बच्ची (15 दिन की) आवासित है। गृह में साफ-सफाई संतोषजनक पायी गयी। डीएम ने छोटे बच्चों को ठंड से विशेष बचाव करने का निर्देश दिया। साथ ही नवजात, परित्यक्त बच्चा पाये जाने पर जिला बाल संरक्षण इकाई, बाल कल्याण समिति, विशिष्ट दत्तक संस्थान तथा चाइल्डलाईन के टॉल फ्री नम्बर 1098 पर सूचना देने का पर्याप्त प्रचार-प्रसार करवाने का निर्देश दिया।

