
खाद-बीज लाने जा रहे मजदूर की बाइक की ठोकड़ से मौत।
दरभंगा: सिमरी-तारालाही पथ पर माधोपुर में मंगलवार को तेज रफ्तार से आ रही बाइक ने पैदल चल रहे राहगीर को ठोकर मार दी। इससे घटनास्थल पर ही बहादुर प्रखंड की जलवार पंचायत के टेंउआ गांव निवासी 58 वर्षीय रघु सहनी की मौत हो गई। जलवार पंचायत के मुखिया मनोज कुमार सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि रघु खेत में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। उसे एक पुत्र और एक पुत्री भी है।

परिजनों ने बताया कि रघु खाद-बीज लाने माधोपुर जा रहा था। इस बीच रास्ते में बनौली मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रही बाइक ने उसे ठोकर मार दी। माथे में गंभीर चोट के कारण घटनास्थल पर ही उसने दम तोड़ दिया। ठोकर लगने के बाद बाइक सवार सड़क पर दूर तक बाइक के साथ घसीटाता रहा जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बाइक चालक मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाने के कनौजर निवासी संतोष कुमार साह को जख्मी हालत में दरभंगा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची सिमरी पुलिस ने लाश को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। वहीं बाइक को जब्त कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

