
अनुशासनहीनता के आरोप में नगर थाने का मुंशी निलंबित।
दरभंगा: प्रभारी एसएसपी अशाेक कुमार प्रसाद ने नगर थाने में महिला हेल्प डेस्क पर प्रतिनियुक्त महिला सिपाही श्वेता कुमारी काे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आराेप में मुंशी सह जमादार गजेंद्र सिंह काे निलंबित कर दिया है। हालांकि आधिकारिक तौर पर इसकी अभी तक पुष्टि प्राप्त नही हो सकी। पर पुलिस के नजदीकी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार खबर वायरल होने पर संज्ञान लेते हुए एसएसपी ने यह कदम उठाया है।
श्वेता ने गत 2 फरवरी को एसएसपी काे लिखित आवेदन देकर थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह एवं मुंशी सह जमादार गजेंद्र सिंह पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आराेप लगाया था।

सिपाही ने स्पष्ट किया कि बीते दिसंबर में एससी-एसटी थाना में प्रतिनियुक्त सिपाही पूजा को बैरक में रखने के बाद बार-बार टिप्पणी कर यह कहा जाता रहा कि दूसरे थाने की लड़की को श्वेता ने ही रखवाया है। इसी को लेकर उसे प्रताड़ित किया जा रहा था।
जांच प्रतिवेदन में महिला सिपाही श्वेता को थाने के मुंशी गजेंद्र सिंह द्वारा प्रताड़ित करने की पुष्टि तत्कालीन जमादार रामाशंकर मांझी एवं दारोगा श्वेता सिंह द्वारा की जा चुकी है। वहीं, सदर अंचल के पुलिस निरीक्षक ने अपने जांच प्रतिवेदन में स्पष्ट किया कि महिला सिपाही श्वेता कुमारी द्वारा लगाए गए आरोप की पुष्टि हुई है।

