
दरभंगा पहुंची हिजाब विवाद की आंच, कांग्रेस ने किया प्रदर्शन।
दरभंगा: शिक्षण संस्थानों के वर्ग कक्ष में हिजाब पहन कर प्रवेश करने को लेकर कर्नाटक में जारी विवाद की आंच अब दरभंगा भी पहुंच गयी है। इसको लेकर कांग्रेस अल्पसंख्यक कमेटी के प्रमंडल अध्यक्ष डॉ जमाल हसन के नेतृत्व में दरभंगा टावर पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने शनिवार को धरना दिया गया। इस दौरान मोदी सरकार मुर्दाबाद, आरएसएस मुर्दाबाद, महिलाओं को टारगेट करना बंद करो, हिजाब हमारा अधिकार जैसे नारे लगाये गये।

वहीं मौके पर मौजूद डॉ जमाल ने कहा कि 2014 के बाद से नफरत का माहौल है। जब – जब देश में चुनाव होता है, भाजपा और आरएसएस द्वारा नफरत की राजनीति शुरू कर दी जाती है। उन्होंने कहा कि हिजाब मुस्लिम लड़कियों और महिलाओं का अधिकार है। संविधान यह अधिकार देता है कि वह क्या पहने और क्या नहीं पहने।

वहीं डॉ कमरुल हसन ने कहा कि देश के पांच राज्यों में चुनाव है। जनता महंगाई और बेरोजगारी पर सवाल नहीं करें, इसलिए हिजाब का मुद्दा उठाया गया है।
मौके पर अखिलेश चौधरी, जिला अध्यक्ष जियाउर रहमान बब्बन , नाजिया हसन आदि ने भी विचार रखा।
धरना पर बैठने वालों में पार्टी के जिला अध्यक्ष सीताराम चौधरी, फैसल इमाम, अश्विनी कुमार, रमन झा, एहसान सिद्दीकी, नसीम अहमद, सोनी कुमारी, नुसरत परवीन, आयशा खान, फिजा परवीन, आफरीन, रियाज कुरैशी, तबस्सुम परवीन, मोहम्मद नूर, साजिया, शगुफ्ता आदि शामिल थे।

