Home Featured मुख्य आरोपी एवं थानाध्यक्ष के साथ साथ कपिलेश्वर सिंह के भी कॉल रिकॉर्ड के जांच की पप्पू यादव ने की मांग।
Featured - मुख्य - February 13, 2022

मुख्य आरोपी एवं थानाध्यक्ष के साथ साथ कपिलेश्वर सिंह के भी कॉल रिकॉर्ड के जांच की पप्पू यादव ने की मांग।

दरभंगा: दरभंगा में भूमाफियाओं के साथ पुलिस एवं जनप्रतिनिधियों के गठजोड़ के खिलाफ अब जाप सुप्रीमो पप्पू यादव ने जंग का ऐलान कर दिया है। यह ऐलान उन्होंने रविवार को शहर के नगर थानाक्षेत्र के जीएम रोड में भूमाफियाओं द्वारा घर तोड़ने और जिंदा जलाने के प्रयास के शिकार पीड़ित परिवार से मिलने के बाद किया है।

इसके साथ ही उन्होंने मुख्य आरोपी शिवकुमार झा एवं नगर थानाध्यक्ष तथा जमीन बेचने वाले कपिलेश्वर सिंह के फोन रिकॉर्ड के जांच की मांग भी उठा दी है। साथ ही उन्होंने कहा कि इनकी बात किस विधायक से हुई है, यह भी सामने आना चाहिए।

Advertisement

दरअसल दरभंगा शहर में गुरुवार की शाम जमीनी विवाद में भूमाफिया द्वारा घर को जेसीबी से तोड़ने का विरोध करने पर परिवार के तीन सदस्यों को जलाने का मामला तूल पकड़ने लगा है। राजनीतिक पार्टियां इस घटना का विरोध करते हुए, पीड़ित परिवार के समर्थन में खड़ी हो गई हैं। इसी कड़ी में जन अधिकार पार्टी के सुप्रीमो पप्पू यादव दरभंगा पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी लेते हुए पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद किया। वहीं उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।जाप सुप्रीमो पप्पू यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि भूमाफियाओं ने पहले दिन मकान को तोड़ दिया और चले गए। फिर दूसरे दिन जिन्दा जलाने का प्रयास किया गया। बिहार में इससे बड़ा आतंक क्या हो सकता है। इस घटना की गंभीरता को देखते हुए, हम आज दरभंगा आये हैं। इससे पहले भी हमारे पार्टी के सदस्य यहां आ चुके हैं और लगातार सभी लोग पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं। वही उन्होंने कहा की पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए जरूरत पड़ी तो, कानूनी राय लेकर उच्च न्यायलय भी जाएंगे।

उन्होंने मुख्य आरोपी शिवकुमार झा एवं नगर थानाध्यक्ष तथा जमीन बेचने वाले कपिलेश्वर सिंह के फोन रिकॉर्ड के जांच की मांग भी की। उन्होंने कहा कि जब ये लोग 30 40 सालों से रह रहे हैं तो फिर कपिलेश्वर सिंह ने इसे बेचा कैसे! सबकी मिलीभगत से ये कार्य हुआ है। सबके कॉल रिकॉर्ड की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक होना चाहिए।

पप्पू यादव ने कहा कि इस मामले की जांच एसआईटी से हो और प्रेस से आग्रह करेंगे कि निष्पक्ष होकर पीड़ित परिवार को मदद करें। वहीं उन्होंने कहा कि दरभंगा के नेता और भू माफियाओं के खिलाफ आज से हमारा आंदोलन शुरू होगा। जब तक इन नेताओं और पदाधिकारियों को नंगा नहीं करेंगे तब तक हम चैन से नहीं बैठेंगे। चाहे इस मामले को लेकर हमें सुप्रीम कोर्ट जाना पड़े। वही उन्होंने कहा कि दरभंगा महाराज और एम्स की कितनी जमीन को किस किस ने बेच दिया, इस मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए।

Share