
एसएसपी ने नगर थानाध्यक्ष को किया लाइन हाजिर, जांच के बाद आगे भी होगी कारवाई।
दरभंगा: गत 10 फरवरी की देर शाम जीएम रोड में हुए आगजनी की घटना में लगातार पुलिस की भूमिका पर बड़े सवाल उठ रहे थे। इसी को लेकर दरभंगा के प्रभारी एसएसपी अशोक कुमार प्रसाद ने तत्काल प्रभारी नगर थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है।
एसएसपी द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि 10 फरवरी की रात करीब आठ बजे अपराधियों ने जेसीबी से मकान तोड़ने एवं आगजनी की घटना को अंजाम दिया। इस कांड में कारवाई में विलंब एवं शिथिलता बरतने के कारण नगर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष पुअनि राकेश कुमार सिंह को अविलम्ब लाइन हाजिर होने का आदेश दिया गया है।

एसएसपी ने कहा थानाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से ढिलाई बरतने के आरोप में लाइन हाजिर किया गया है। जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कारवाई भी की जाएगी।

