
नगर निकाय चुनाव में सशक्त दावेदारी पेश करेगा एमएसयू।
दरभंगा: मिथिला स्टूडेंट यूनियन के नेताओं ने सोमवार को नया साल नया दरभंगा कार्यक्रम के तहत एमएसयू के पूर्व नगर अध्यक्ष अर्जुन कुमार के नेतृत्व में विभिन्न वार्ड के पार्षद प्रत्याशियों के साथ वार्ड 16 जेपी चौक धरमपुर मोहल्ले में बैठक का आयोजन किया गया। इसमें छात्र नेताओं ने आगामी निकाय चुनाव में अपने प्रत्याशी उतारने की बात कही।
दरभंगा नगर निगम प्रभारी एमएसयू के छात्र नेता अमन सक्सेना ने कहा कि बैठक में जितने भी लोग उपस्थित हैं वो सभी समाज के जागरूक व्यक्ति हैं जो बदलाव का सपना देखकर चुनाव लड़ रहे हैं। हमें अब मुद्दा आधारित राजनीति करनी होगी। जाति, धर्म व पार्टी का बंधन तोड़ समाज के लिए लड़ाई लड़नी होगी तभी बदलाव सम्भव है। मुख्य वक्ता एमएसयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अविनाश भारद्वाज ने कहा

कि हम बिना पैसा और पावर के चुनाव लड़ने आए हैं। समाज हमारे संघर्ष को देख रहा है। पूर्व जिलाध्यक्ष अभिषेक कुमार झा ने कहा कि हम सभी को एक-दूसरे के लिए लड़ाई लड़नी होगी। एक-दूसरे का सहयोग करना होगा, तभी हम जो सपना देख रहे हैं वो पूरा हो सकता है। दरभंगा का हरेक वार्ड स्वच्छ और सुंदर बन सकता है।
संतोष सिंह, दुर्गानंद झा, प्रदीप सिंह, उदय नारायण झा और संतोष कुमार श्रीवास्तव ने भी विचार रखे। बैठक में रंजीत बाड़ी उर्फ टन्ना बाड़ी, प्रदीप ठाकुर, अर्जुन कुमार, विकास चौधरी, संतोष सिंह, रमण पासवान, अविनाश कुमार, अर्जुन कुमार, दुर्गानंद झा, मनोज कुमार साह, रंजीत कुमार वर्मा और प्रदीप सिंह मौजूद रहे। सभी ने संगठन के साथ चलते हुए आने वाले निगम चुनाव में अपनी मजबूत दावेदारी पेश करने की बात कही। बैठक में संजय पासवान, संतोष कुमार झा, रिंकू कुमार झा, संतोष श्रीवास्तव, वेद प्रकाश पासवान आदि भी थे।

