
नगर निगम की पुरानी योजनाओं के भुगतान पर तत्काल प्रभाव से रोक, बिना संचिका देखे नहीं होगा भुगतान।
दरभंगा: मंगलवार को दरभंगा नगर निगम के सभागार में नवनिर्वाचित सशक्त स्थायी समिती की प्रथम बैठक आयेजित हुई। बैठक की अध्यक्षता महापौर मुन्नी देवी ने की।
सशक्त स्थाई समिति की बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों को महापौर मुन्नी देवी ने निर्देश देते हुए नगर निगम की पुरानी योजनाओं के भुगतान पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दिया है। बिना संचिका देखे किसी भी योजना का भुगतान नहीं हो सकेगा। अगली बैठक में संचिका देखने के बाद ही भुगतान किया जाएगा।

बैठक में उपस्थित समिति के सदस्यों ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। समिति सदस्य सह वार्ड नंबर 12 के पार्षद उपेंद्र कुमार ने कहा कि लहेरियासराय स्थित बस स्टैंड विगत तीन वर्षों से बिना निविदा के चल रहा है। दूसरी ओर डीजल की खपत पर गंभीरता से विचार करते हुए कहा गया कि दो फ्यूल पंपों का चयन किया जाए। इसके तहत एक दरभंगा और दूसरे का चयन लहेरियासराय में करने का निर्णय लिया गया। महापौर मुन्नी देवी ने कहा कि वार्ड नंबर 40 में पोखर उड़ाहीकरण का काम शुरू नहीं किया गया है, इसे अविलंब कराया जाए। यहां की कई अन्य समस्याओं पर भी बात हुई।
उप महापौर भरत सहनी ने कहा कि शहर में नगर निगम क्षेत्र में कितनी दुकाने हैं और किसके नाम से है, कौन चला रहा है। कितनी गाड़ी खराब पड़ी है इसकी जानकारी समिति को दी जाए। निगम की गराज में फांगिग मशीन बंद है और इसकी मरम्मत कार्य में 180 हजार रुपये दिखाए गए हैं। समिति सदस्य शशिचंद पटेल ने कहा कि निगम के पास खुद सहायक अभियंता है तो बुडको की अभियंता जो पांच जिलों के प्रभार में है, उनसे काम नहीं लिया जाए। 
बैठक में लकड़ी की खरीदारी डीजल की खरीदारी, चुना, ब्लिचिग पाउडर, कुदाल, झाड़ू की खरीदारी पर भी सवाल उठे। स्टोर प्रबंधक महेश्वर लाल दास से सामग्री के संबंध में जानकारी ली गई। अपर समाहर्ता सह नगर आयुक्त अखिलेश कुमार सिंह ने सशक्त स्थाई समिति सदस्यों को बताया कि नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्य को गति देने के लिए स्थाई समिति सदस्यों को रखा गया है। इसके बिना कोई काम आगे नहीं बढ़ सकता है। इसलिए सोच विचार कर कदम उठाना चाहिए।
मौके पर नगर प्रबंधक नागमणि सिंह, राजस्व प्रभारी प्रजापति मिश्रा, सहायक अभियंता सउद आलम सहित निगम के सभी संबंधित पदाधिकारी व समिति के सभी सदस्य मौजूद रहे।

