Home Featured क्षेत्र में वीभत्स घटना होने के बाबजूद शादी विवाह में घूमते रहे सांसद, ट्रोल होने पर घटना के छठे दिन व्यक्त की शोक संवेदना।
Featured - मुख्य - February 16, 2022

क्षेत्र में वीभत्स घटना होने के बाबजूद शादी विवाह में घूमते रहे सांसद, ट्रोल होने पर घटना के छठे दिन व्यक्त की शोक संवेदना।

सोशल मीडिया पर ट्रोल होने के बाद घटना के छठे दिन सांसद ने फेसबुक पर व्यक्त की शोक संवेदना।

दरभंगा: शहर के नगर थानाक्षेत्र के जीएम रोड में गत 10 फरवरी को हुए हृदयविदारक घटना ने पूरे सभ्य समाज को झकझोर दिया। भूमाफियाओं द्वारा पूरे परिवार को जिंदा जलाने का प्रयास किया गया। इस घटना में गर्भ में पल रहे आठ माह के शिशु, गर्भवती महिला पिंकी झा एवं उसके भाई संजय झा की मौत हो गयी।

घटना के बाद स्थानीय प्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने परिवार से मिलकर ढांढस बंधाया और हर सम्भव मदद का प्रयास दिखाया। पर खुद को मिथिला का लाल बताने वाले दरभंगा के सांसद गोपालजी ठाकुर पूरी घटना पर एक प्रतिक्रिया तक नहीं दे पाए। दरभंगा शहर में ही रहने के वाबजूद परिजनों से मिलकर हाल जानना तो दूर, शोक संवेदना तक व्यक्त नहीं कर पाये। इस दौरान लगातार शादी, उपनयन, मुंडन, बर्थडे एवं रिसेप्शन पार्टी में घूमते रहने की खूब तस्वीर पोस्ट करते रहे।

एक जिम्मेवार प्रतिनिधि की इस तरह की संवेदनहीनता देखकर आमलोगों का आक्रोश भड़क गया। मंगलवार को पिंकी झा एवं संजय झा की मौत की खबर पर जहां पूरा दरभंगा शोक में डूबा था, वहीं सांसद सर्किट हाउस में जिलाध्यक्ष के जन्मदिन का केक काटकर हैप्पी बर्थडे मना रहे थे।

इस तरह की संवेदनहीनता की कड़ी प्रतिक्रिया सोशल मीडिया में शुरू हो गयी और सांसद लगातार ट्रोल होने लगे। खुद को ट्रोल होते देख एक और रिसेप्शन की तस्वीर पोस्ट करने से पूर्व उन्होंने घटना के छठे दिन मंगलवार की देर रात अपने फेसबुक पर एक शोक संवेदना पोस्ट कर दिया।

ऐसे में सवाल यह उठता है कि जनप्रतिनिधि का जीवन जब सार्वजनिक जीवन होता है तो फिर उनके लिए आमजन की जिम्मेवारी पहले होनी चाहिए या शादी-विवाह, मुंडन, उपनयन में जाना! वह भी तब जब उनके क्षेत्र में बड़ी वीभत्स घटना घटी हो!

Share