
17 से 24 फरवरी तक दो पालियों में आयोजित होगी मैट्रिक की परीक्षा, तैयारियों को लेकर की गयी ब्रीफिंग।
दरभंगा: समाहरणालय अवस्थित अम्बेदकर सभागार में मंगलवार को अपर समाहर्ता (राजस्व) विभूति रंजन चौधरी ने मैट्रिक परीक्षा- 2022 के लिए प्रतिनियुक्त सभी दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सभी परीक्षा केन्द्रों के केन्द्राधीक्षकों को ब्रीफिंग की।
उन्होंने कहा कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना द्वारा वार्षिक माध्यमिक परीक्षा का आयोजन 17 से 24 फरवरी तक दो पालियों में होगी। पहली पाली 09:30 से 12:15/12:45 व दूसरी पाली 01:45 से 04:30/05:00 बजे तक जिले के 57 केन्द्रों पर होगी। इसमें सदर अनुमंडल अन्तर्गत 43 परीक्षा केन्द्र, बेनीपुर अनुमंडल अन्तर्गत छह परीक्षा केन्द्र एवं बिरौल अनुमंडल अन्तर्गत आठ परीक्षा केन्द्र निर्धारित हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 17 फरवरी को दोनों पालियों में गणित की परीक्षा होगी। 18 को दोनों पालियों में विज्ञान की, 19 को सामाजिक

विज्ञान, 21 को अंग्रेजी (सामान्य), 22 को मातृभाषा, 23 को द्वितीय भारतीय भाषा व 24 फरवरी को दोनों पालियों में ऐच्छिक विषय की परीक्षा होगी। दरभंगा जिले में कुल 57 हजार 420 परीक्षार्थी भाग लेंगे, जिसमें 28,099 छात्र एवं 29,321 छात्रा सम्मिलित होंगे।
दरभंगा सदर अनुमंडल में एमएल एकेडमी व ज्ञान भारती, बेनीपुर अनुमंडल के बहेड़ा कॉलेज बहेड़ा व बिरौल अनुमंडल के संतोबा इंटरनेशनल स्कूल को आदर्श परीक्षा केन्द्र बनाया गया है। अपर समाहर्ता ने कहा कि वार्षिक माध्यमिक परीक्षा के मुख्य जिला परीक्षा नियंत्रक डीएम होते हैं। उन्होंने कहा कि जिला संयुक्त आदेश में अपर समाहर्ता को नोडल पदाधिकारी तथा डीईओ विभा कुमारी को सहायक नोडल पदाधिकारी बनाया गया है। डीडीसी तनय सुल्तानिया, अपर समाहर्ता (राजस्व) विभूति रंजन चौधरी, अपर समाहर्ता (विभागयी जांच) अखिलेश कुमार सिंह तथा अपर समाहर्ता (लोक शिकायत निवारण) अजय कुमार को वरीय प्रभारी पदाधिकारी बनाया गया है। उन्होंने सभी संबंधित केन्द्राधीक्षकों व पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि पटना हाईकोर्ट द्वारा पारित आदेश एवं बिहार परीक्षा संचालन अधिनियम के तहत हर हाल में कदाचारमुक्त एवं स्वच्छ वातावरण में परीक्षा संचालन करवाना है। सभी परीक्षा केन्द्रों पर शांति व्यवस्था के लिए परीक्षा शुरू होने से एक दिन पूर्व से परीक्षा समाप्ति के एक दिन बाद तक सभी अनुमंडल पदाधिकारी अपने-

अपने क्षेत्र के अन्तर्गत पड़ने वाले परीक्षा केन्द्रों के आसपास 500 गज की परिधि में निषेधाज्ञा जारी करेंगे। परीक्षा केन्द्र के 500 गज की परिधि में कोई भी परीक्षार्थी या उनके अभिभावक कदाचार करने से संबंधित कोई भी सामग्री एवं मोबाईल इत्यादि इलेक्ट्रॉनिक गजेट्स नहीं ले जा सकते हैं। जिले के सभी 57 केन्द्रों पर स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी व पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गयी है। पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) द्वारा परीक्षा तिथि को ससमय सभी परीक्षा केन्द्रों पर पुलिस बल उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों का प्रवेश परीक्षा केन्द्रों पर पूर्व से होती रहनी चाहिए, ताकि अच्छी तरह से उनकी फ्रिस्किंग हो सके। एक ही बार ज्यादा संख्या में परीक्षार्थियों के आ जाने से ठीक से फ्रिस्किंग नहीं हो पाती है। महिला परीक्षार्थियों के लिए सभी परीक्षा केन्द्रों पर फ्रिस्किंग के लिए घेरा बनाया जाएगा तथा दो-दो महिला कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा केन्द्र के अन्दर किसी को भी मोबाईल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। वीक्षक, दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल किसी को भी मोबाईल फोन रखने की इजाजत नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि सभी जोनल दंडाधिकारी अपने सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रतिदिन कम से कम दो बार एवं सुपर जोनल कम से कम एक बार भ्रमण कर परीक्षा केन्द्र के भ्रमण पंजी पर हस्ताक्षर करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्र बंडल का सील खोलने के समय पूरी संवेदनशीलता

बरती जाए। प्रश्नपत्र बंडल खोलने के समय केन्द्राधीक्षक स्वयं उपस्थित रहेंगे एवं उनका एक विश्वस्त कर्मी रहेगा, जो प्रश्न पत्र का वितरण कराएगा। उन्होंने कहा कि कल सभी केन्द्राधीक्षक अपने सभी वीक्षकों एवं कर्मियों के साथ बैठक कर उन्हें अच्छी तरह से इन निर्देशों की जानकारी दे देंगे।
उन्होंने बताया कि परीक्षा समिति के निर्देशानुसार छात्र हित को ध्यान में रखते हुए परीक्षाथर्थियों को जूता-मोजा पहनकर परीक्षा भवन में प्रवेश करने की अनुमति दी गयी है। उन्होंने कहा कि परीक्षा केन्द्र के अंदर किसी परीक्षार्थी के पास किसी प्रकार की आपत्तिजनक उपकरण पाया जाता है तो उन्हें नियमानुसार दंडित किया जाएगा। साथ ही कोविड-19 के संक्रमण को ध्यान में रखते हुए सोशल डिस्टेसिंग, परीक्षा हॉल एवं शौचालयों का सैनिटाइजेशन, थर्मल स्कैनिंग, अभ्यर्थियों को प्रवेश गेट पर सोशल डिस्टेसिंग का पालन
करते हुए सुरक्षित प्रवेश एवं सीधे परीक्षा कक्ष तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। परीक्षा केंद्र में सभी को मास्क पहनकर प्रवेश करना अनिवार्य होगा।
परीक्षा को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष का गठन किया गया है, जो 17 से 24 फरवरी 2022 तक कार्यरत रहेगा। जिला नियंत्रण कक्ष का प्रभारी पदाधिकारी ओम प्रकाश, उत्पाद अधीक्षक दरभंगा (9473400620) एवं नेहा कुमारी, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग (9264252592) को बनाया गया है। ब्रीफिंग में अअनुमंडल पदाधिकारी, बेनीपुर शम्भू नाथ झा के साथ-साथ पर सभी केन्द्राधीक्षक, दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, गश्ती दंडाधिकारी एवं परीक्षा कार्य से जुड़े सभी संबंधित अधिकारी थे।

