Home Featured अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष ने ली दरभंगा जिले में अल्पसंख्यकों के लिए चल रही योजनाओं की जानकारी।
Featured - मुख्य - February 15, 2022

अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष ने ली दरभंगा जिले में अल्पसंख्यकों के लिए चल रही योजनाओं की जानकारी।

दरभंगा: बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष प्रो. मो. यूनूस हुसैन हकीम ने मंगलवार को जिला अतिथि गृह में अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें उन्होंने दरभंगा जिले में अल्पसंख्यकों के लिए चल रही योजनाओं की जानकारी संबंधित विभाग के अधिकारियों से ली।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि जिले में 151 अल्पसंख्यक जन वितरण प्रणाली विक्रेता कार्यरत हैं तथा कहीं से भी किसी अल्पसंख्यक द्वारा अनाज न मिलने की शिकायत प्राप्त नहीं है। जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के निदेशक गणेश कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अन्तर्गत स्वीकृत एक लाख 99 हजार 248 आवासों में से 38 हजार 256 आवास अल्पसंख्यकों को उपलब्ध कराया गया है। आवास प्लस योजना के अन्तर्गत 17 हजार 78 आवास में से अल्पसंख्यकों को तीन हजार 211 आवास उपलब्ध कराया गया है। मनरेगा के अन्तर्गत 41,077

Advertisement

अल्पसंख्यक मजदूरों को जॉब कार्ड उपलब्ध कराया गया है, जिन्हें तीन लाख 37 हजार 487 कार्य दिवस का रोजगार दिया गया है।

महाप्रबंधक, जिला उद्योग केन्द्र मो. अंजारूल हसन ने कहा कि मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति-जनजाति, अति पिछड़ा वर्ग, युवा एवं महिला उद्यमी योजना के अन्तर्गत 81 अल्पसंख्यक लाभुकों को उद्यमी योजना की स्वीकृति प्रदान की गयी है, जिनको आर शेट्टी द्वारा प्रशिक्षण दिलवाया जा रहा है। प्रशिक्षण के उपरान्त उन्हें उद्यम हेतु ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अन्तर्गत 51 अल्पसंख्यकों का आवेदन विभिन्न बैंकों को प्रेषित किया गया है, जिनमें से छह को स्वीकृति भी मिल चुकी है।

सामाजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा बताया गया कि इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 732 तथा मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के तहत 9,924 अल्पसंख्यक लाभुकों को मासिक पेंशन उपलब्ध करायी जा रही है। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (साक्षरता) द्वारा बताया गया कि जिले में 215 उत्थान केन्द्र एवं 531 तालीमी मरकज चलाये जा रहे हैं। उत्थान केन्द्र में 4,300 एवं तालीमी मरकज में 10,620 शिक्षा सेवक कार्यरत हैं। मध्याह्न भोजन के संबंध में बताया गया कि जिले के 52 मदरसों को मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। अध्यक्ष ने जिले में संचालित सभी 180 मदरसों को मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। बताया गया कि मदरसों में कार्यरत 977 शिक्षकों के वेतन, मानेदय का

Advertisement

भुगतान ससमय किया जा रहा है। जिले के मदरसों में कुल 18,066 छात्र एवं 20,379 छात्राएं पढ़ रही हैं।

जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी मो. रिजवान अहमद ने कहा कि इंटर में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण 1400 अल्पसंख्यक छात्राओं को 15,000 रुपये की दर से प्रोत्साहन राशि उपलब्ध करायी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि केवटी के असराहा में नवोदय विद्यालय के तर्ज पर 9,10,11 एवं 12 वें वर्ग के लिए 560 आवासन क्षमता वाले अल्पसंख्यक आवासीय बालिका विद्यालय का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। सुपौल-बिरौल में 100 शय्या वाला मदरसा का निर्माण कार्य जारी है।

अध्यक्ष ने जिले में अल्पसंख्यकों के लिए बिहार सरकार एवं केन्द्र सरकार की चलायी जा रही योजनाओं पर प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने शेष 128 मदरसों को एक सप्ताह के अन्तर्गत मध्याह्न भोजन योजना से जोड़कर प्रतिवेदित करने का निर्देश जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (मध्याह्न भोजन) को दिया। साथ ही योजनाओं में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरतने का निर्देश दिया। बैठक में उप निदेशक, जनसम्पर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता, कार्यपालक अभियंता पीएचईडी सहित अन्य उपस्थित थे।

Share