Home Featured डीआरएम द्वारा लो कॉस्ट आरओबी पर एक्सपोज हो चुके सांसद ने अब की राज्यांश के कारण रुके ओवरब्रिजों के शीघ्र निर्माण की बात।
Featured - मुख्य - February 17, 2022

डीआरएम द्वारा लो कॉस्ट आरओबी पर एक्सपोज हो चुके सांसद ने अब की राज्यांश के कारण रुके ओवरब्रिजों के शीघ्र निर्माण की बात।

दरभंगा: दरभंगा शहर में जाम की समस्या से निदान केलिए नितांत आवश्यक रेलवे ओवरब्रिजों का निर्माण कार्य विगत आठ वर्षों से प्रस्तावित है। पर हर बार केवल जल्द निर्माण शुरू होने की बात कही जाती है, कार्य शुरू नहीं होता।

दरभंगा के सांसद गोपाल जी ठाकुर सांसद पद ग्रहण करते ही इसे प्राथमिकता में रखते हुए तीन महीने में कार्य शुरू करवाने का वादा किया। तीन महीने बाद पूछने पर फिर तीन महीने की समय सीमा दी। पर इस तरह उनके बार बार दिए गए तीन महीने का समय तीस महीने में बदल गया, पर कार्य शुरू नहीं हुआ।

इसी को देखते हुए गुरुवार को पूर्व मध्य रेल, समस्तीपुर मंडल की मंडल समिति वर्ष 2019-24 के सांसदों की द्वितीय बैठक में सम्मलित होने के बाद एकबार फिर उन्होंने शहर के 10 रेलवे

Advertisement

ओवरब्रिजों के शीघ्र निर्माण शुरू होने की बात कही है। पर इसबार कोई समय सीमा निर्धारित नही की है। विलम्ब होने पर राज्य सरकार द्वारा राज्यांश नहीं मिलने का बहाना बनाया जाता रहा है।

हालांकि उनके अधीन लो कॉस्ट आरओबी, जो लहेरियासराय स्टेशन पर बनना प्रस्तावित है और उसमें राज्य की कोई भूमिका नहीं है, उसकी उन्होंने इसबार कोई चर्चा भी नहीं की है। दरअसल, इसपर उनके आश्वासनों की पोल हाल ही में डीआरएम ने मीडिया के सामने खोल दी थी। डीआरएम ने स्पष्ट रूप से कह दिया था ये रेलवे को ही बनाना है और इसमें राज्य सरकार की कोई भूमिका नहीं है। साथ ही विलंब का कारण उन्होंने सांसद की मंजूरी नहीं मिलना बताया था। डीआरएम द्वारा सार्वजनिक रूप से किये गए पोल खोल से सांसद एकाएक सकपका गए और इसके बाद इसपर विलम्ब के कारणों की चर्चा करना ही छोड़ दिये। दरअसल, विलम्ब का कारण सबके सामने आ चुका था, और कारण की जड़ में खुद सांसद थे। स्पष्ट शब्दों में कहें तो इसका भावार्थ किसी हिंदी सिनेमा के नेता के डायलॉग की तरह सामने आता है, जिसमें कहा जाता है कि जनता से वादे करते रहिए, पूरा कर देंगे तो फिर वादा किस काम को पूरा करने का करेंगे!

इन्हीं कारणों से शायद अब सांसद लो कॉस्ट आरओबी पर पोल खुलने के बाद उसकी चर्चा को ही बंद कर अब केवल आरओबी की चर्चा कर रहे हैं जिसमे विलंब होने पर सीधा दोष राज्य सरकार पर डाल सकते हैं। पर जिसमें खुद का दोष साबित हो गया, उससे अब भाग रहे हैं।

गुरुवार को हुई बैठक में उन्होंने यात्री सुविधाओं एवं रेल विकास परियोजनाओं संबंधित विभिन्न विषयों को रखने की बात भी कही है। सांसद श्री ठाकुर ने कहा कि दरभंगा में 10 रेल ओवरब्रिज का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। इसके लिए रेलवे ने जीएडी अनुमोदित कर बीआरपीएनएनएल को भेज दिया है तथा कार्य के शीघ्र निपटारे के

Advertisement

लिए प्रयत्नशील है। उन्होंने कहा कि मिथिला क्षेत्र अंतर्गत आने वाले सभी रेलवे स्टेशनों पर मिथिलाक्षर में नाम लिखे जाने के लिए रेलवे ने सकारात्मक पहल करते हुए राज्य सरकार एवं रेलवे परामर्शदात्री समिति से मंतव्य मांगा है। सांसद ने कहा कि जल्द ही लहेरियासराय स्टेशन नए रूप में लोगों के सामने होगा। यहां उच्च स्तर प्लेटफॉर्म के साथ नया स्टेशन भवन व प्रतीक्षालय बनने जा रहा है। इसके साथ स्टेशन के बाहरी व सर्कुलेटिंग एरिया एवं प्लेटफॉर्म सतह के विकास के लिए लगभग 2.5 करोड़ का कार्य स्वीकृत है। उन्होंने कहा कि जाम की समस्या के निदान के लिए लहेरियासराय रैक प्वाइंट से पंडासराय गुमती (मुख्य सड़क) तक एप्रोच सड़क का निर्माण किया जाएगा ताकि ट्रकों का आवागमन निर्बाध रूप से हो सके।

सांसद ने कहा कि सकरी- हसनपुर परियोजना पूर्ण करने की दिशा में विभाग तत्पर है। इसके लिए कुशेश्वरस्थान से हसनपुर का कार्य मार्च 2023 तक पूर्ण किये जाने की संभावना है। वहीं, पक्षी अभयारण्य के कारण बाधित हरनगर-कुशेश्वरस्थान कार्य के निपटारे के लिए वन विभाग, बिहार सरकार से वार्ता की जा रही है। उन्होंने कहा दरभंगा से सहरसा तक सकरी-निर्मली-सरायगढ़-सुपौल होते हुए अप्रैल 2022 तक कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। दरभंगा-सीतामढ़ी-रक्सौल-नरकटियागंज के दोहरीकरण का कार्य किया जा रहा है। जलनिकासी के लिए फाटक संख्या 18 पंडासराय गुमती से फाटक संख्या 28 कगवा गुमती तक नाला निर्माण के लिए आवश्यक एनओसी और प्राक्कलन पर सक्षम

Advertisement

अधिकारी द्वारा अनुमोदित कर निर्माण कार्य के लिए भेज दिया गया है। इसका निर्माण नगर निगम द्वारा किया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि मिथिला के सुप्रसिद्ध भोजन चूड़ा-दही को मेन्यू में शामिल करने के लिए विभाग तत्पर है। इसके लिए आईआरसीटीसी को प्रस्ताव भी भेजा गया है।

श्री ठाकुर ने कहा कि दरभंगा व मधुबनी सहित मिथिला क्षेत्र अंतर्गत आने वाले सभी रेलवे स्टेशनों पर मैथिली में उद्घोषणा प्रारंभ किया जाए। उन्होंने बैठक में नवादा गांव के पास जगदम्बा हॉल्ट के निर्माण के लिए आवश्यक कदम उठाने को भी कहा।

Share