Home Featured राशि लेकर आवास निर्माण नहीं करने वाले लाभुकों से की जाए राशि की वसूली : डीएम।
Featured - मुख्य - February 17, 2022

राशि लेकर आवास निर्माण नहीं करने वाले लाभुकों से की जाए राशि की वसूली : डीएम।

दरभंगा: समारणालय अवस्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव आम्बेडकर सभागार में डीएम राजीव रौशन की अध्यक्षता में गुरुवार को विभिन्न आवास योजनाओं में पूर्णता को लेकर सभी बीडीओ, सीओ, राजस्व कर्मचारी एवं आवास सहायक के साथ बैठक की गयी। बैठक में सर्वप्रथम प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के भूमिहीन लाभुकों को जमीन एवं आवास दिलाने में हो रहे विलंब को लेकर संबंधित राजस्व कर्मचारी एवं आवास सहायक से जवाब तलब किया गया।

इनमें बहादुरपुर के खराजपुर आवास सहायक से कारणपृक्षा की गयी है। अन्य आवास सहायकों को अपनी लंबित योजनाओं को पूर्ण करने के लिए एक माह का समय दिया गया। डीएम ने बहादुरपुर, केवटी, घनश्यामपुर, बेनीपुर, किरतपुर, बहेड़ी एवं बिरौल प्रखंड की वैसी पंचायत जहां भूमिहीन लाभुकों को भूमि उपलब्ध कराने में कर्मचारी एवं सीओ द्वारा विलंब किया जा रहा है, को चेतावनी देते हुए अतिशीघ्र वैसे लाभुकों के लिए वासगीत पर्चा या क्रय नीति के तहत भूमि उपलब्ध कराने को कहा। बैठक में अधिकतर कर्मचारियों ने दो से तीन दिनों में भूमि की व्यवस्था कर देने का विश्वास दिलाया।

Advertisement

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत वैसे प्रखंड जो अभी तक 80 प्रतिशत आवास पूर्ण नहीं करा पाए हैं उन प्रखंडों की वैसी पंचायत जहां लंबित आवास निर्माण की संख्या सर्वाधिक है, के आवास सहायक से एक-एक कर जवाब तलब किया गया। इनमें कुशेश्वरस्थान के बिसहरिया महिसौत, दिनमो, मसानखोन, बेनीपुर के गणेश बनौल बलनी से कारणपृक्षा की गयी। जाले के आवास सहायक मनोज कुमार को चयनमुक्त करने का निर्देश दिया गया। डीएम ने कहा कि आवास योजना की प्रथम किस्त की राशि लेकर आवास निर्माण शुरू नहीं करने वाले लाभुकों से राशि वसूली की कार्रवाई तत्परता से की जाए।

इसके लिए सबसे पहले सफेद नोटिस, फिर लाल नोटिस, फिर नीलाम पत्र वाद दायर किया जाए। इसके बाद प्राथमिकी दर्ज कराते हुए उसके बैंक खाते को भी फ्रीज करवाने की कार्रवाई की जाए। यदि लाभुक ने प्लिंथ लेवल तक का निर्माण कर लिया है तो उसे तुरंत द्वितीय किस्त की राशि मिल जानी चाहिए। ऐसे आवास सहायक जो समय पर द्वितीय किस्त की राशि उपलब्ध नहीं कराते हैं, उन्हें चयनमुक्त करने की कार्रवाई की जाए।

Advertisement

डीएम ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत स्वीकृत योजनाओं का 95 प्रतिशत 31 मार्च तक पूर्ण कराने का निर्देश सभी आवास सहायकों को दिया। बैठक में डीडीसी तनय सुल्तानिया, सहायक समाहर्ता अभिषेक पलासिया, अपर समाहर्ता विभूति रंजन चौधरी, निदेशक निदेशक जिला ग्रामीण विकास अभिकरण गणेश कुमार, उप निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share