
चोरों ने पुलिस को दिखाया दम, थाना परिसर से उड़ाया पिकअप वैन।
दरभंगा: जिले में अपराधियों का मनोबल किस कदर बढ़ा हुआ है, इसका बड़ा उदाहरण तब सामने आया जब चोरों ने थाना परिसर से ही पिकअप को चुरा लिया। वहीं घटना के चार दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं।
दरअसल, लहेरियासराय थाना परिसर से शराब मामले में जब्त एक पिकअप वैन की चोरी हो जाने का मामला प्रकाश में आया है। घटना गत रविवार की देर रात की बतायी जा रही है। चोरी की भनक न तो थाना प्रभारी को और न ही वहां ड्यूटी पर तैनात अन्य पुलिस कर्मियों को लगी। जानकारी के अनुसार गत 26 फरवरी को लहेरियासराय थाने की पुलिस को गश्ती के दौरान रात गुप्त सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के रहमगंज काली मंदिर के पास एक बिना नंबर की पिकअप वैन से शराब की खेप को ठिकाने लगाया जा रहा है। इसके बाद

लहेरियासराय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की गाड़ी देख शराब तस्करी में संलिप्त सभी लोग पुलिस को चकमा देकर पिकअप वैन और उसपर लदी शराब की खेप को छोड़कर वहां से फरार हो गये।
लहेरियासराय थाने के अवर निरीक्षक शिव शम्भु प्रसाद ने पिकअप वैन और उसपर लदी नेपाल निर्मित देसी शराब को जब्त कर लिया। गाड़ी से कुल 13 सौ 89 लीटर नेपाली देसी शराब बरामद कर थाने के मलखाने में रखा गया और पिकअप को थाना परिसर के पीछे लगा दिया गया। मामले में ऑनड्यूटी अवर निरीक्षक शिव शम्भु प्रसाद के आवेदन पर कार्रवाई के लिए कांड संख्या-86/22 अंकित किया गया है।
एक तरफ लहेरियासराय थाने की पुलिस मामले में संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी की तैयारी में लगी थी, वहीं दूसरी तरफ पिकअप के थाना परिसर से गायब होने की सूचना मिलते ही उसके होश उड़ गए। इसके बाद थाने के पुलिस कर्मियों को चोरी हुई गाड़ी की तलाश में लगा दिया गया। लेकिन पुलिस चोरी हुई गाड़ी को खोज नहीं पाई। इसके
बाद गत 27 फरवरी को दरभंगा व्यवहार न्यायालय के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के यहां थाना परिसर से गाड़ी चोरी हो जाने को लेकर नालिसी दायर करवाया गया।
इस घटना की खबर आमजनों की चिंता कहीं न कहीं और बढ़ गयी है। लोगों में इस बात की चर्चा है कि जब पुलिस खुद अपने परिसर की सुरक्षा नहीं कर सकती तो फिर आमजनों का भगवान ही मालिक है।

