
नगर निगम चुनाव को लेकर अभिषेक झा ने किया आज्ञा एवं आशीर्वाद अभियान का शंखनाद।
दरभंगा: एमएलसी चुनाव का बिगुल बजने के साथ साथ दरभंगा नगर निगम के चुनाव को लेकर भी संभावित प्रत्याशियों ने तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में मिथिला स्टूडेंट यूनियन के पूर्व जिलाध्यक्ष सह युवा समाजसेवी अभिषेक कुमार झा ने भी निगम का चुनाव लड़ने की घोषणा कर दी है।
इसी को लेकर रविवार को शहर के वार्ड 46 अंतर्गत कबिलपुर गांव में महादेव मंदिर परिसर में गांव के बड़े बुजुर्गों एवं गणमान्य व्यक्तियों की एक बैठक आयोजित हुई। बैठक में सर्वसम्मति से अभिषेक कुमार झा को चुनाव लड़ने की आज्ञा और आशीर्वाद दिया गया। साथ ही निर्णय लिया गया कि रोस्टर जारी होने के उपरांत सामान्य सीट निर्धारित होने पर मेयर अथवा डिप्टी मेयर का चुनाव लड़ेंगे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए अभिषेक कुमार झा ने बताया कि संगठन एवं कई सामाजिक क्षेत्र के लोगों द्वारा सीधा वोटिंग से चुनाव होने की स्थिति में निगम का चुनाव लड़ने का सुझाव उन्हें दिया गया था। पर सर्वप्रथम उन्होंने अपने परिवार और ग्रामीणों से आज्ञा एवं आशीर्वाद लेने का निश्चय किया। इसी को लेकर बैठक आयोजित हुई। बैठक में सभी ने सर्वसम्मति से उन्हें चुनाव लड़ने की आज्ञा और आशीर्वाद दिया। ग्रामीणों के अलावा शहर के कई समाजिक व्यक्तियों द्वारा उनके लिए कैम्पेन चलाने का आश्वासन दिया है। अपने परिवार और ग्रामीण अभिभावकों से अनुमति मिलने के बाद अब शहर के सभी वार्डो में घूमकर लोगों से आज्ञा एवं आशीर्वाद लेंगे।
बैठक में सर्वनारायण झा, मुरलीधर झा, राम गणेश झा, सत्य प्रकाश झा, विजय किशोर झा, राज किशोर झा, ललितानंद झा, हरेंद्र झा, बालेश्वर झा, शम्भू नाथ झा, मनोज झा, जितेंद्र झा, अनुपम कुमार झा, शिवमोहन कुमार झा आदि सहित कई ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

