
वर्ल्ड हेयरिंग डे के अवसर पर रोटरी क्लब विद्यापति द्वारा मुफ्त कान जांच शिविर का आयोजन।
दरभंगा: रोटरी क्लब विद्यापति द्वारा रविवार को शहर के जीएम रोड अवस्थित स्पीच एंड हेअरिंग क्लीनिक में मुफ्त कान जांच शिविर का आयोजन किया गया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए रोटरी क्लब विद्यापति के अध्यक्ष डॉ एसके राय ने बताया कि वर्ल्ड हेयरिंग डे के उपलक्ष्य में आयोजित इस शिविर में 100 से अधिक मरीजों का निशुल्क इलाज किया गया।

इनमें जिनको कान की मशीन की जरूरत है उन्हें चिन्हित किया गया है। अगले रविवार को रोटरी विद्यापति की ओर से उन्हें उपलब्ध करा दिया जाएगा।
श्री राय ने कहा कि उपरोक्त सुविधा डॉ रौशन ठाकुर के प्रयत्न से यह सम्भव हो पाया है। रोटरी विद्यापति हर साल आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों को मुफ्त हेअरिंग ऐड देता रहा है।
मौके पर मौजूद डॉ रौशन ठाकुर ने कहा कि भारत की जनसंख्या के 6.3 प्रतिशत लोग हेयरिंग समस्या से ग्रसित हैं। मोबाइल एवं ब्लूटूथ का अधिक उपयोग करने के कारण युवा भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। यही स्थिति रही तो 2050 तक देश के हर चार में से एक व्यक्ति को यह समस्या हो जाएगी। इसलिए साल में एक बार अपने कान का चेकअप जरूर कराना चाहिए।
वही चिकित्सक डॉ निशांत कुमार ने कहा कि कान में कभी भी लकड़ी या बिना परामर्श के कोई ड्राप नहीं डालना चाहिए। कान बहने की समस्या हो तो तुरंत चिकित्सीय सलाह लेनी चाहिए।
इस अवसर पर रोटरी क्लब विद्यापति की ओर से राघवेश नारायण, डॉ अरविंद झा, दीपक जाजोदिया, संजीव कुमार के अलावा रोटरी विद्यापति के कई पदाधिकारी मौजूद थे।

