
पड़री में विद्यापति स्मृति पर्व समारोह में जुटे दिग्गज, मिथिला के संस्कृति की दिखी झलक।
दरभंगा: जिले के बिरौल प्रखंड के पड़री गांव में मां सती सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय विद्यापति स्मृति पर्व समारोह के अंतिम दिन रविवार की देर शाम कई दिग्गज पहुंचे। इनमें केंद्रीय राज्यमंत्री अश्विनी चौबे, उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, आईटी मंत्री जीवेश कुमार, सांसद गोपाल जी ठाकुर व दरभंगा जिले के कई विधायक थे।
कार्यक्रम की शुरुआत मंचासीन स्थानीय सांसद गोपाल जी ठाकुर, राजद विधायक ललित यादव, जिप अध्यक्ष रेणु देवी, वैद्यनाथ चौधरी बैजू, चुनाव आयोग के दरभंगा जिला आइकॉन मणिकांत झा एवं मौनी बाबा सहित स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से की।
अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि इस प्रकार के समारोह से मैथिली व मिथिला की भाषा, संस्कार व सांस्कृतिक पहचान विश्व पटल पर प्रचलित होगा। मिथिला-मैथिली के उच्चारण से ही जेहन में संस्कृति व संस्कार की तस्वीर उभरती है। यहां की कला व संस्कृति काफी समृद्ध है। उन्होंने कहा कि अगर

भाषा व संस्कृति चली गई तो हम खुद भी चले जाएंगे। उन्होंने कहा कि मिथिला अपनी परम्पराओं के लिए भारत और भारत के बाहर भी जानी जाती रही है। मिथिला की पहचान उसकी कला व उसकी भाषा है।
कार्यक्रम में नगर विधायक संजय सरावगी, केवटी विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा व हायाघाट विधायक डॉ. रामचंद्र प्रसाद समेत भाजपा के कई पदाधिकारी उपस्थित थे।
समारोह के अंतिम दिन पूरी गांव रातभर मिथिलामय बना रहा। विद्यापति रचित भगवती वंदना जय जय भैरवी असुर भयावनि के लयबद्ध गीत से अमोद झा एवं दीपक झा ने भगवती का आह्वान किया। दीपक झा की ओर से दर्शकों एवं आगंतुकों के लिए मनोरम स्वागत गीत पेश किया गया। मैथिली के हास्य कवि डॉ. जयप्रकाश मिश्र जनक की कविताओं से बीच-बीच में दर्शक लोटपोट होते रहे।
वहीं कवि राकेश रौशन, डॉ. स्मृति व श्याम बिहारी राय सरस के रसों से श्रोता ओत-प्रोत होते रहे। मंचासीन अतिथियों के मंद-मंद मुस्कान से कलाकार अपनी काव्य रचना से अभिभूत होते रहे। कवियों की एक से एक कविता पर जहां श्रोता मंत्रमुग्ध होते रहे वही शंखवादक विपिन मिश्र के शंख की ध्वनि से लोग हर्षित हो उठे। गायिका डॉ. रंजना झा एवं जूली झा के गायन से उपस्थित लोग मंत्रमुग्ध हो रहे थे। वहीं, रामबाबू झा, कुंज बिहारी मिश्र व माधव राय के गान से श्रोता रातभर झूमते रहे। इस दौरान दर्जनों गायकों की मनमोहक प्रतुति ने रातभर श्रोताओं को बांधे रखा।

