Home Featured विश्व किडनी दिवस पर किडनी हेल्थ फार आल कार्यशाला का हुआ आयोजन।
Featured - मुख्य - March 10, 2022

विश्व किडनी दिवस पर किडनी हेल्थ फार आल कार्यशाला का हुआ आयोजन।

दरभंगा: राजकीय रमेश्वरी भारतीय चिकित्सा विज्ञान संस्थान मोहनपुर में विश्व किडनी दिवस पर गुरुवार को किडनी हेल्थ फार आल पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। सांसद गोपालजी ठाकुर, प्राचार्य प्रो. दिनेश्वर प्रसाद, सिविल सर्जन डा. अनिल कुमार, डीआईओ डा. एके मिश्रा, सीडीओ डा. सत्येंद्र कुमार मिश्रा, डा. उमाशंकर ने संयुक्त रूप से इसका उद्घाटन किया। सांसद गोपालजी ठाकुर ने कहा कि हमारी चिकित्सा पद्धति आयुर्वेद है। आयुर्वेद को अपनाकर किडनी से बचाव किया जा सकता है। किडनी रोग के प्रारंभिक लक्षण के बाद ही इलाज के लिए वैद्य के पास जाएं। इसमें देरी नही करें। इस रोग का इलाज आयुर्वेद चिकित्सा में भी है। इसके इलाज के लिए यह आयुर्वेद अस्पताल में उत्तम व्यवस्था है।

Advertisement

प्राचार्य प्रो. दिनेश्वर प्रसाद ने कहा कि अनियमित जीवन शैली के कारण किडनी से संबंधित रोगों में वृद्धि हुई है। मांसाहार के अधिक सेवन, बहुत सोना, लगातार देर तक बैठे रहना, जल का कम सेवन करना आदि कारणों से किडनी संबंधी रोग बढ़ रहा है। सिविल सर्जन डा. अनिल कुमार ने यह बताया कि आयुर्वेद एवं एलोपैथ के संयुक्त प्रयास से किडनी रोग के इलाज में सफलता प्राप्त की जा सकती है। मंच संचालन करते हुए डा. शंभू कुमार ने प्राकृतिक एवं सात्विक आहार-विहार को अपनाने की बात कहीं। कार्यक्रम के आयोजक डा दिनेश कुमार ने कहा कि हमारा जीवन आयुर्वेद के जितना ही करीब होगा, उतने ही हम स्वस्थ होंगे। डा. दिनेश सिंह ने कहा कि मंडूकासन एवं नियमित प्राणायाम के अभ्यास से किडनी रोग से बचा जा सकता है। मौके पर जागरूकता रैली निकाली गई। इस दौरान डा. मुकेश कुमार, डा. अमोद कुमार, डा. विनय कुमार शर्मा , डा. भानु प्रताप सिंह, डा. मनीष कुमार आदि उपस्थित थे।

Share