
होली एवं शब-ए-बारात को लेकर जिलाधिकारी ने की बैठक।
दरभंगा: डीएम के कार्यालय प्रकोष्ठ में शुक्रवार को जिला दंडाधिकारी राजीव रौशन की अध्यक्षता में होलिका दहन, होली एवं शब-ए-बरात के अवसर पर शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाये रखने एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार सम्पन्न कराने को लेकर बैठक आयोजित की गयी। बैठक में डीएम ने सभी बीडीओ, सीओ व थाना प्रभारियों से कहा कि 17 से 19 मार्च तक होली एवं शब-ए-बरात का त्योहार मनाया जाना है। इस अवसर पर जिले के प्रमुख स्थलों पर दंडाधिकारी व पुलिस बल की प्रतिनियुक्त होगी।
19 मार्च के अंत तक प्रतिनियुक्ति स्थल पर बने रहना होगा। यदि वरीय पदाधिकारी द्वारा गश्ती के दौरान कोई अनुपस्थित पाये जाएंगे तो सीधे विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को कहा कि डीजे व लाउडस्पीकर कहीं भी बिना अनुमति के नहीं बजेगा, न ही कहीं अश्लील या द्विअर्थी गाने बजाने की अनुमति होगी। उन्होंने डीजे के लिए वॉल्यूम की मात्रा निर्धारित करने एवं बजाए जाने वाले गानों की सूची प्राप्त कर लेने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि बिहार में मद्य निषेध लागू है और कहीं भी शराब का वहन या सेवन पाया जाता है तो तुरंत कार्रवाई की जाए। सभी थाने प्रतिदिन ब्रेथ एनेलाइजर का प्रयोग करेंगे। सीओ व थाना प्रभारी अपने क्षेत्र के संवेदनशील स्थलों की सूची बनाकर उन स्थलों का लगातार गश्ती करेंगे, खासकर जहां पूर्व में धार्मिक मुद्दों को लेकर तनाव की स्थिति उत्पन्न हुई हो। उन्होंने कहा कि असामाजिक तत्वों को चि्ह्तित कर धारा 107 एवं 116 की कार्रवाई करते हुए उन्हें बॉन्ड डाउन किया जाए। भूमि विवाद जो समुदाय से जुड़ा हो, उन मामलों पर भी कड़ी नजर रखी जाए। धार्मिक स्थलों पर भी नजर रखी जाए। फूड इन्सपेक्टर को मिठाइयों एवं खाने-पीने की दुकानों की जांच करते रहने का निर्देश दिया गया। साथ ही थाने पर चौकीदारों का परेड होली पूर्व करा लेने एवं स्थानीय जन प्रतिनिधियों के साथ शांति समिति की बैठक वैसे पंचायत जहां तनाव की स्थिति हो, वहां पंचायत स्तर पर शांति समिति की बैठक कर लेने का निर्देश दिया गया।
डीएम ने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों व अग्निशमन पदाधिकारी को होली के अवसर पर तैयारी मोड में रहने का निर्देश दिया। बैठक में एसएसपी अशोक प्रसाद, सदर एसडीओ स्पर्श गुप्ता, सहायक समाहर्ता अभिषेक पलासिया, प्रशिक्षु आईपीएस विक्रम सिंह, उप निदेशक, जनसम्पर्क नागेन्द्र कुमार गुप्ता, भूमि सुधार उप समाहर्ता मो. सादुल हसन, उत्पाद अधीक्षक ओम प्रकाश व अन्य थे।

