
चौदह मार्च से ऑफलाइन मोड में शुरू होगा स्नातकोत्तर एवं स्नातक स्तर पर सभी वर्गों का संचालन।
दरभंगा: एलएनएमयू में कोरोना के कारण करीब दो साल बाद स्नातकोत्तर एवं स्नातक स्तर पर सभी वर्गों का संचालन 14 मार्च से ऑफलाइन मोड में शुरू होगा । इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने पीजी विभागों के सभी विभागाध्यक्षों एवं कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को पत्र निर्गत कर इसकी सूचना दे दी है। ऑफलाइन वर्ग संचालन को लेकर विभिन्न कॉलेजों एवं स्नातकोत्तर विभागों के विभागाध्यक्षों ने आवश्यक तैयारी शुरू कर दी है। बता दें कि कोरोना को लेकर विगत 2 वर्षों से ऑफलाइन मोड में वर्ग नहीं चल रहा था ।

उस दौरान विश्वविद्यालय के सभी वर्गों का संचालन ऑनलाइन मोड में किया जा रहा था। प्रायोगिक वर्गों का संचालन पूरी तरह से बंद था। भूगोल विभागाध्यक्ष प्रो संतोष कुमार ने बताया कि ऑफलाइन मोड में वर्ग आरंभ होने से छात्र-छात्राओं को काफी सुविधा मिलेगी। प्रायोगिक कक्षाएं होंगी। काफी दिनों तक ऑफलाइन मोड में वर्ग संचालन बाधित रहा जिसके कारण शिक्षक छात्र सीधा संवाद नहीं हो सका। ऑफलाइन मोड में वर्ग संचालन से छात्रों को काफी मदद मिलेगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्र हित में इसकी अनिवार्यता को देखते हुए ऑफलाइन मोड में वर्ग प्रारंभ करने की पहल की है। मनोविज्ञान के एचओडी प्रो ध्रुव कुमार ने बताया कि 14 मार्च से शुरू होने वाले ऑफलाइन मोड में वर्ग चलाने की तैयारी की जा रही है। पहले 2 दिन इंडक्शन प्रोग्राम आयोजित किया जाएगा, जिसमें क्या पढ़ाई होनी है, क्या ऑब्जेक्टिव्स हैं और उसका लर्निंग आउटकम क्या होगा इसके संबंध में छात्रों की भी जानकारी दी जाएगी। फिर यह विश्लेषण किया जाएगा कि बच्चों में कितना एकेडमिक क्षमता बढ़ी है।

