
ट्रैक्टर की चपेट में आने से सात वर्षीय बालक की मौत।
बिरौल। हनुमाननगर गांव के बालू डिपो में शनिवार को बालू से लदे ट्रैक्टर रिवर्स करने के दौरान विद्यालय से घर जा रहे सात वर्षीय एक छात्र की मौत ट्रैक्टर की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही हो गया। मृतक बालक गांव के ही अजय पासवान के सात वर्षीय पुत्र बजरंगी पासवान है।
इस हृदय विदारक घटना से गांव में मातमी पसर गया।मृतक के पिता ने बताया कि बजरंगी घोघसर के एक निजी विद्यालय में यूकेजी में पढ़ रहा था। तीन बजे के करीब विद्यालय में छुट्टी होने के बाद गांव घोघसर से हनुमाननगर आ रहा था। इस बीच सिंघेश्वर साहु के बालू डिपो से बालू व सीमेंट ट्रैक्टर में भरकर चालक अमेठी चौपाल ट्रैक्टर को रिवर्स करने लगा। सड़क से आ रहे बजरंगी को कुचल दिया जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गयी।

इधर, इस घटना के बाद ग्रामीण आपसी समझौता में जुटे हुए है। इधर घटना के बारे में पुलिस को किसी प्रकार की सूचना नहीं दी गयी है। वहीं पंचायत के मुखिया संजय पासवान ने बताया कि आपसी समझौता के तहत मृतक के परिजनों को मुआवजे की राशि दिलाने की मांग ग्रामीण स्तर पर की जा रही है।

