Home Featured पांच दिन बाद भी डीएमसीएच अग्निकांड में पुलिस के हाथ खाली, अब डीएम ने लिया संज्ञान।
Featured - मुख्य - March 16, 2022

पांच दिन बाद भी डीएमसीएच अग्निकांड में पुलिस के हाथ खाली, अब डीएम ने लिया संज्ञान।

देखिये वीडियो भी।

देखिये वीडियो भी👆

दरभंगा: दरभंगा में अपराधियों का मनोबल यूँ ही सातवें आसमान पर नहीं है। बड़ी एवं जघन्य घटना के बाद भी कारवाई में पुलिस की कछुआ चाल अपराधियों का मनोबल बढ़ाने में सहायक होता है। दरभंगा में पेट्रोल छिड़क कर जिंदा जलाने के चल चुके ट्रेंड को बढ़ावा देने में कहीं न कहीं पुलिस की इसी निष्क्रियता का बड़ा योगदान माना जा सकता है।

इसी की एक और बानगी लहेरियासराय थानाक्षेत्र अंतर्गत हुए डीएमसीएच अग्निकांड के बाद देखने को मिल रही है। गत 11 मार्च की रात्रि दवा दुकान में आग लगाकर दुकानदार समेत चार लोगों को जिंदा जलाने के प्रयास का मामला सामने आया था। कई दुकान एवं वाहन भी जला दिए गए थे। मामले के कई सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए थे। पीड़ित दुकानदारों द्वारा कुछ आरोपियों को नामजद भी किया गया था। परंतु शायद कारवाई केलिए पुलिस दुकानदार की जान जाने का इंतजार करती रही। ऐसा इसलिए भी क्योंकि इससे पूर्व जीएम रोड अग्निकांड में भी पुलिस ने गिरफ्तारी तब की जब दो पीड़ितों सहित एक गर्भस्थ शिशु की मौत इलाज के दौरान हो गयी। शायद डीएमसीएच अग्निकांड में दुकानदारों की जान बच जाने के कारण इतना बड़ा दुस्साहस करने वालों पर पुलिस कोई कारवाई नहीं कर पायी है।

पुलिस पर लगातार उठ रहे सवाल के बाद अब दरभंगा के जिलाधिकारी राजीव रौशन ने खुद संज्ञान लिया है और पूरे मामले का खुद जायजा लिया है। आगजनी वाली घटनास्थल का बुधवार को डीएम राजीव रौशन ने निरीक्षण किया। उन्होंने आग में जली दुकानों का भी मुआयना किया। साथ ही दुकानदारों से बातचीत कर उनका हाल भी जाना। उन्होंने सदर सीओ को पीड़ितों को मुआवजा के लिए अभिलेख तैयार कर अग्रेतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मौके पर सदर एसडीओ स्पर्श गुप्ता, एसडीपीओ कृष्ण नंदन कुमार, सदर बीडीओ , सीओ व थानाध्यक्ष भी थे।

अब देखने वाली बात होगी कि जिलाधिकारी के संज्ञान के बाद भी दरभंगा पुलिस इस मामले में कितनी सक्रियता दिखा पाती है और कितनी जल्द अभियुक्तों की गिरफ्तारी कर पाती है!

Share