Home Featured डीएम के संज्ञान के बाद जागी पुलिस, डीएमसीएच अग्निकांड के अभियुक्तों के गिरफ्तारी की शुरू हुई तैयारी।
Featured - मुख्य - March 17, 2022

डीएम के संज्ञान के बाद जागी पुलिस, डीएमसीएच अग्निकांड के अभियुक्तों के गिरफ्तारी की शुरू हुई तैयारी।

देखिये वीडियो भी।

देखिये वीडियो भी👆

दरभंगा: गत 11 मार्च की देर रात्रि एकबार फिर मेडिकल छात्रों ने डीएमसीएच रोड में बड़ी घटना को अंजाम देते हुए एक दवा दुकान को आग लगा कर दुकानदार सहित चार लोगों को ज़िंदा जलाने का प्रयास किया था। इस दौरान कई दुकानें एवं वाहनों को भी फूंक दिया गया था। हर बार की तरह इसबार भी रसूख एवं संगठन के बदौलत पुलिस का भय उनमें कहीं नहीं दिख रहा था। आगजनी के बाद फायरिंग की घटना भी सामने आयी थी। अग्निशमन का एक कर्मी अभी भी जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। लहेरियासराय थाना का एक एएसआई अभी भी इलाजरत है।

इतना सबकुछ हो जाने और सीसीटीवी फुटेज भी सामने आने के वाबजूद पुलिस घटना के छः दिन बीत जाने के बाद भी एक भी अभियुक्त की गिरफ्तारी तक नहीं कर पायी है। इसे लेकर स्थानीय

Advertisement

लोगों में पुलिस के प्रति आक्रोश स्पष्ट दिख रहा था। अंततः जनाक्रोश को देखते हुए दरभंगा के जिलाधिकारी राजीव रौशन ने खुद इस मामले का संज्ञान लिया और बुधवार को घटनास्थल का जायजा लिया तथा पीड़ितों से मुलाकात की थी।

जिलाधिकारी के संज्ञान के पश्चात अब दरभंगा पुलिस भी हरकत में दिख रही है। पुलिस ने अभियुक्तों के गिरफ्तारी की तैयारी शुरू कर दी है।

गुरुवार को इस संबंध में प्रतिक्रिया देते हुए प्रभारी एसएसपी अशोक कुमार प्रसाद ने बताया कि चूंकि मामले में मेडिकल के छात्र शामिल थे, अतः सदर डीएसपी के नेतृत्व में टीम बनाकर अभियुक्तों की पहचान डीएमसीएच प्रशासन के सहयोग से की गयी है। अभी तक 12 अभियुक्तों की पहचान की जा चुकी है। उनके पिता का नाम एवं घर का पता दरभंगा मेडिकल कॉलेज से लिया गया है। एक हफ्ते के अंदर वारंट निर्गत कर अभियुक्तों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

उन्होंने बताया कि मामले में दो प्राथमिकी दर्ज हुई है। एक प्राथमिकी पीड़ित दवा दुकानदार की तरफ़ से दर्ज करायी गयी है, जबकि दूसरी प्राथमिकी घटना में घायल लहेरियासराय थाना के एएसआई के फर्द बयान पर दर्ज की गई है। दोनों के कॉमन अभियुक्त हैं, जिनकी पहचान एवं सत्यापन हो चुका है।

एसएसपी के बयान से पुलिस हरकत में नजर तो आ रही है, पर सवाल यह भी है कि अभियुक्तों की पहचान और सत्यापन के बाद भी गिरफ्तारी केलिए हफ्ते भर का समय पुलिस क्यों बता रही है! कारण जो भी हो, परंतु इस मामले में अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी करना दरभंगा पुलिस केलिए भी कहीं न कहीं प्रतिष्ठा का प्रश्न तो जरूर बन गया है।

Share