Home Featured ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर डीएम ने तकनीकी सहायकों को किया निर्देशित।
Featured - मुख्य - March 20, 2022

ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर डीएम ने तकनीकी सहायकों को किया निर्देशित।

दरभंगा: डीएम राजीव रौशन ने जिले की सभी पंचायतों में मुख्यमंत्री ग्रामीण पेयजल निश्चय योजना के प्रभावी अनुश्रवण के लिए सभी तकनीकी सहायकों को दैनिक स्थलीय निरीक्षण कर प्रतिदिन निरीक्षण प्रतिवेदन देने का निर्देश दिया है। ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर डीएम ने यह आदेश निर्गत किया है।

Advertisement

बता दें कि बिहार सरकार की महत्वकांक्षी पहल सात निश्चय के अंतर्गत मुख्यमंत्री ग्रामीण पेयजल निश्चय योजना एक महत्वपूर्ण योजना है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना है। तापमान के रुझान को देखते हुए भू-गर्भीय जल संकट की स्थिति पुन: उत्पन्न न हो, इसको लेकर जिला प्रशासन ने अभी से ही तैयारी शुरू कर दी है। डीएम ने सभी तकनीकी सहायकों को आदेश दिया है कि वे वार्डों में जलापूर्ति योजनाओं का 21 से 31 मार्च तक अपने प्रभार पंचायतों के सभी पीआरडी वार्डों में स्थलीय निरीक्षण कर जलापूर्ति में त्रुटिओं को अपने पर्यवेक्षण में निराकरण सुनिश्चित करेंगे।

Advertisement

तकनीकी सहायक निरीक्षण के दौरान वार्ड में पेयजल आपूर्ति की स्थिति, योजना पट्ट की स्थिति, अंकेक्षण की स्थिति, डबल्यूआईएमसी गठन की स्थिति, संचिकाओं के हस्तगत होने की स्थिति, मापीपुस्त की स्थिति आदि का निरीक्षण करेंगे एवं इसका दैनिक प्रतिवेदन विहित प्रपत्र में जिला पंचायत राज अधिकारी को संज्ञान में देंगे। उन्होंने अपने आदेश में कहा है कि लघु मरम्मत की आवश्यकता की स्थिति में डबल्यूआईएमसी तथा दीर्घकालीन अनुरक्षण नीति के तहत सूचीबद्ध एजेन्सी से समन्वय स्थापित कर जलापूर्ति सुनिश्चित करेंगे।

वृहद मरम्मत की आवश्यकता की स्थिति में डबल्यूआईएमसी को इसके लिए प्राक्कलन उपलब्ध कराते हुए जलापूर्ति सुनिश्चित करने को आवश्यक कारवाई करेंगे। अंकेक्षण नहीं होने तथा संचिकाओं के हस्तगत नहीं होने की स्थिति में इसे अविलंब सम्बंधित पंचायत सचिव तथा लेखापाल को सूचित करेंगे तथा इसे बीपीआरओ, बीडीओ व जिला पंचायत राज अधिकारी के संज्ञान में भी देंगे।

Share