
डबरे में मिली नवविवाहिता की लाश, दहेज केलिए हत्या का आरोप।
दरभंगा: जिले के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के सुपौल हाट गाछी की चन्नी मुन्नी पोखर के बगल के एक डोबरे में सोमवार की अहले सुबह एक नवविवाहिता की लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह शौच के लिए बाहर निकले लोगों की नजर डबरे में उपला रही लाश पर पड़ी। यह खबर जंगल की आग की तरह चारों ओर फैल गई। देखते ही देखते वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय लोगों ने लाश की शिनाख्त सुपौल हाट गाछी नवटोलिया के सूरज सहनी की पत्नी 19 वर्षीय सपना कुमारी के रूप में की। बताया जाता है कि छह माह पूर्व ही सपना की शादी सूरज के साथ हुई थी। सपना का नैहर बगल के गांव जिरात में बताया जाता है। वह जिरात गांव निवासी दिनेश सहनी की पुत्री बतायी जाती है। लाश को देखकर नवविवाहिता की हत्या किसी अन्य जगह करके लाश को ठिकाने लगाने के लिए डबरे में फेंकने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर लाश को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।

जानकारी के अनुसार शादी के बाद से दहेज में एक मोटरसाइकिल तथा डेढ़ लाख रुपए की मांग को लेकर पति सहित ससुरालवाले सपना को प्रताड़ित किया करते थे। इस संबंध में सपना की मां रेणु देवी ने थाने में आवेदन देकर दहेज के लिए अपनी पुत्री की हत्या किये जाने का आरोप लगाया है। थाने में इस मामले में दहेज हत्या की दर्ज एफआईआर में पति सूरज सहनी, ससुर नुनू सहनी व सास परमीला देवी समेत नौ लोगों को नामजद किया गया है। सभी आरोपित फरार बताए जाते हैं। घटना को लेकर जिरात गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है। सपना के पिता दिनेश सहनी के घर कोहराम मचा है। थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार झा ने बताया कि हत्या की गुत्थी पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने तथा आरोपित की गिरफ्तारी के बाद ही सुलझ पाएगी। फिलहाल आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

