
सड़क निर्माण कार्य में लगे पानी टैंकर के पलटने से वृद्ध की मौत।
दरभंगा: थाना क्षेत्र के लगमा गांव महतो टोला के पास सोमवार की दोपहर एक पानी टैंकर के पलट जाने से इसके नीचे दबने से बुजुर्ग किसान की मौत हो गई। मृतक गांव के ही उत्तम महतो (71) बताये जाते हैं। वे अपने खेत से मसूर उखाड़कर लौट रहे थे। तभी पानी टैंकर के पलटने से वे उसकी चपेट में आ गये।
जानकारी के मुताबिक गनौन से लगमा गांव के बीच प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क फेज टू में निर्माण कार्य चल रहा है। पानी का टैंकर पानी लेकर लगमा गांव की तरफ आ रहा था। अचानक महतो टोला के पास टैंकर का गुल्ला टूट गया। इससे संतुलन बिगड़ने से टैंकर सड़क के नीचे पलट गया। जिस समय टैंकर पलटा उसी समय उत्तम महतो मसूर का बोझा लेकर घर लौट रहे थे।

वे टैंकर के नीचे दब गये जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों ने लाश को बाहर निकालने की कोशिश की पर उन्हें सफलता नहीं मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जेसीबी मंगबाकर लाश को टैंकर के नीचे से बाहर निकलवाया। पुलिस लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कोशिश में जुटी है जबकि ग्रामीण मुआवजे की मांग को लेकर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजने को तैयार नहीं हो रहे। थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार झा ने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई आवेदन नहीं दिया गया है। पुलिस ग्रामीणों से बातचीत कर गतिरोध समाप्त करवाने की कोशिश कर रही है।

