Home Featured डीएम के निर्देश के बाद एयरपोर्ट टर्मिनल तक पहुंचने केलिए बन रहे एप्रोच पथ के निर्माण में दिख रही है तेजी।
Featured - मुख्य - March 23, 2022

डीएम के निर्देश के बाद एयरपोर्ट टर्मिनल तक पहुंचने केलिए बन रहे एप्रोच पथ के निर्माण में दिख रही है तेजी।

दरभंगा: शुरुआत से ही यात्रियों की संख्या में रिकॉर्ड के नित नये झंडे गाड़ने वाले दरभंगा एयरपोर्ट पर अब यात्री सुविधाओं में विस्तार के कार्य पर सरकार सजग दिख रही है। इसी का उदाहरण है कि यात्रियों की सुविधा के लिए दरभंगा-जयनगर एनएच से सीधे टर्मिनल तक पहुंचने के लिए पहुंच पथ का काम तेजी से चल रहा है। इसके बन जाने से एयरपोर्ट के टर्मिनल तक यात्री जल्द आसानी से पहुंच सकेंगे।

दरअसल हाल ही में दरभंगा के जिलाधिकारी राजीव रौशन ने एयरपोर्ट का निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने पहुंच पथ का काम 15 अप्रैल तक पूरा करने का निर्देश दिया। उन्हीं के निर्देश के बाद कार्य मे तेजी दिख रही है।

बताते चलें कि सड़क व एयरपोर्ट परिसर के बीच स्थित कमला मरने नदी पर कल्वर्ट बनाने का काम तेजी से चल रहा है। कल्वर्ट का काम पूरा होने के बाद पहुंच पथ को सीधे एयरपोर्ट के टर्मिनल से जोड़ दिया जाएगा। पहुंच पथ काफी चौड़ा बनाया जा रहा है जिससे यात्रियों को

Advertisement

आने-जाने में परेशानी नहीं होगी। पहुंच पथ का काम पूरा होने के बाद बुजुर्ग यात्रियों को भी टर्मिनल तक पहुंचने में सहूलियत होगी। इस रास्ते पर शेड भी बनाया जाएगा। इसका निर्माण पूरा होने के साथ ही दरभंगा एयरपोर्ट की खूबसूरती भी बढ़ जाएगी। फिलहाल यात्रियों को एयरफोर्स स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार से होकर टर्मिनल तक पहुंचना पड़ता है। वहां तक पहुंचने में उन्हें काफी दूरी तय करनी पड़ती है। विपरीत मौसम में काफी दूरी पैदल ही तय करने से यात्रियों की परेशानी बढ़ जाती है। खासकर तेज धूप और बारिश के दौरान एनएच से टर्मिनल भवन तक पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। एप्रोच रोड बन जाने से यात्रियों को टर्मिनल भवन तक पहुंचने में काफी सुविधा होगी।

गौरतलब है कि दरभंगा एयरपोर्ट से व्यावसायिक उड़ान शुरू होने के साथ ही यहां से बड़ी संख्या में लोगों ने यात्रा शुरू की। हालांकि

Advertisement

सुविधाओं की कमी की वजह से लोग अक्सर मायूस हो जाते हैं। बावजूद इसके दरभंगा एयरपोर्ट तक फोरलेन से आसानी से पहुंच जाने की वजह से बड़ी संख्या में लोग पटना एयरपोर्ट के वनिस्बत यहां से यात्रा करने लगे। किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, अररिया, सहरसा, सुपौल आदि जिले के लोगों का भरपूर प्यार दरभंगा एयरपोर्ट को मिल रहा है।

Share