
5 जून को होगा शहीद सूरज नारायण सिंह स्मृति सभा का आयोजन।
दरभंगा: आगामी पांच जून को लहेरियासराय स्थित नेहरू स्टेडियम में शहीद सूरज नारायण सिंह स्मृति सभा का आयोजन होगा। इसे लेकर पूर्व सांसद आनंद मोहन ने सोमवार को जिला अतिथि गृह में प्रेस कॉन्फ्रेंस किया। इसमें उन्होंने बताया कि इस सभा में दशकों बाद मिथिला के सपूत क्रांतिकारी योद्धा और समाजवादी पुरोधा सूरज बाबू की यादों को संजोए हजारों लोग दरभंगा की सड़कों पर उतरेंगे और उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

लोगों की मुख्य मांगें होंगी, लोकतंत्र की मजबूती व समतामूलक शोषण विहीन समाज की स्थापना में सूरज बाबू के अप्रतिम बलिदान के एवज में उनको समुचित सम्मान दिलाना। उन्होंने बताया कि स्मृति सभा के उद्घाटनकर्ता सह मुख्य अतिथि होंगे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और समापनकर्ता सह विशिष्ट अतिथि होंगे उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी। अन्य सम्मानित अतिथि होंगे मंत्री जमा खान, महेश्वर हजारी, जिले के सभी सांसद, मंत्री व विधायक। कार्यक्रम का उद्घाटन 11 बजे मुख्यमंत्री करेंगे।

संवाददाता सम्मेलन में स्मृति सभा के संयोजक सुरेन्द्र सिंह, फ्रेंड्स ऑफ आनंद के प्रांतीय अध्यक्ष कुलानन्द यादव अकेला, शायर अनवर फरीदी, पूर्व निगम पार्षद रीता सिंह, स्मृति सभा के प्रवक्ता श्याम कुमार सिंह, करनी सेना के प्रदेश अध्यक्ष सागर सिंह, फ्रेंड्स ऑफ आनंदके डॉ पीके सिंह, डब्लू सिंह, संतोष सिंह, उज्जवल सिंह, नवीन सिंह, चुन्नू सिंह, मनोज सम्राट, शशि राठौड़ आदि थे।


