
5 दिन से लापता भाजपा नेता अनिल शर्मा थाना पहुंचे, बोले- पारिवारिक विवाद में घर छोड़कर गए थे।
दरभंगा: लहेरियासराय थाना क्षेत्र के मौलागंज निवासी भाजपा नेता अनिल शर्मा [23] दिसंबर से लापता थे। परिजनों ने लहेरियासराय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए उनके अपहरण की आशंका जताई थी।

छोटे भाई अमित कुमार शर्मा के आवेदन पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।प्राथमिकी के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस टेक्निकल सेल की मदद से अनिल शर्मा के मोबाइल फोन को ट्रेस कर लोकेशन पता करने का प्रयास कर रही थी, हालांकि मोबाइल स्विच ऑफ होने के कारण जांच में कठिनाई आ रही थी।

इसी बीच पुलिस को राहत तब मिली जब अनिल शर्मा स्वयं लहेरियासराय थाना पहुंच गए। थाने में उन्होंने पुलिस को बयान दिया कि उनका कोई अपहरण नहीं हुआ था, बल्कि पारिवारिक विवाद के कारण वे घर छोड़कर चले गए थे और इसी दौरान उन्होंने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया था।

एसडीपीओ सदर राजीव कुमार ने बताया कि मौलागंज निवासी अनिल शर्मा के लापता होने को लेकर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस टेक्निकल टीम की सहायता से उनकी तलाश कर रही थी। उन्होंने बताया कि परिजनों का उनसे संपर्क हुआ, जिसके बाद वे आज खुद थाना पहुंचे। एसडीपीओ के अनुसार अनिल शर्मा के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों और पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली है।


