
बिजली चोरी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज।
दरभंगा: बिजली चोरी को रोकने के लिए विभाग ने कमर कस ली है। बिजली बिल बकायेदारों एवं चोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। विभागीय कनीय अभियंता देवेंद्र प्रसाद एवं रवि भूषण के नेतृत्व में भवानीपुर पंचायत के महिसारि गांव में की गयी छापेमारी में बोध कृष्ण मल्लिक के व्यावसायिक परिसर में टोका लगाकर बिजली की चोरी करते पकड़ा गया।
इसी गांव के आनंद कुमार मल्लिक के घर में भी बिजली मीटर के पास बाईपास करके चोरी से बिजली जलाई जा रही थी। छापेमारी दल ने दोनों के घरों में हो रही बिजली चोरी को पकड़ लिया।

इस मामले में देवेंद्र प्रसाद के आवेदन पर दोनों के खिलाफ सिंहवाड़ा थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। छापेमारी दल में सोनू कुमार, मो. जमशेद एन नद्दाफ आदि शामिल थे। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि की है।

