
अंतिम गेंद तक चले बेहद रोमाचंक मुकाबले को जीतकर वेब मीडिया की टीम ने मीडिया कप पर जमाया कब्जा।
देखिये वीडियो भी।
देखिये वीडियो भी👆
दरभंगा: फाइनल मैच के अंतिम गेंद तक बल्ले और गेंद के बीच चले रोमांचक संघर्ष में वेब मीडिया की टीम ने जीत हासिल कर पहलीबार मीडिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया। राष्ट्रीय सहारा और वेब मीडिया के बीच चले इस रोमांचक मुकाबले में सभी के दिलों की धड़कने बढ़ी हुई थी। कभी मैच में इसका पलड़ा भारी तो कभी उसका। अंतिम गेंद फेंके जाने तक मैच के नतीजे का अंदाजा कोई नहीं लगा सकता था। मीडिया कप का अबतक का सबसे रोमांचक फाइनल शुक्रवार को डॉ नागेंद्र झा स्टेडिय में देखने को मिला।
दरअसल शुक्रवार को 15वें प्रमंडलीय मीडिया कप के फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर वेब मीडिया के कप्तान अभिषेक कुमार ने पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया। शुरुआती ओवरों में सधी हुई गेंदबाज़ी और जल्दी जल्दी विकेट पतन को देखकर निर्णय बिल्कुल सटीक लगने लगा। पर फिर सलामी बल्लेबाज कुमुद रंजन के टिके रहने और राघव के तेज तर्रार शॉट खेलने से स्कोर भागने लगा। अंतिम ओवरों में राष्ट्रीय सहारा के वरिष्ठ सदस्य संजीव कुमार ने कुछ

अच्छे शॉट्स खेलकर टीम के स्कोर को तेजी से आगे बढाया। अंततः राष्ट्रीय सहारा की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 161 रन बनाये तथा वेब मीडिया के सामने जीत केलिए 162 रनों का लक्ष्य रखा।
जवाब में उतरी वेब मीडिया की टीम रन गति को बनाये रखने केलिए तेज खेलने के प्रयास में लगातार विकेट खोती रही। केवल सलामी बल्लेबाज विशम्भर ने एक छोड़ पर 12वें ओवर तक विकेट संभाले रखा। उनके आउट होते ही मैच राष्ट्रीय सहारा की तरफ झुक चुका था। तभी वरुण ने कुछ अच्छे शॉट्स खेलकर पुनः उम्मीद जता दी और मैच में वेब मीडिया की टीम वापस आ गयी। लेकिन तभी वरुण के रन आउट हो जाने के बाद पुनः मैच फंस गया। पूरे टूर्नामेंट में अपनी बल्लेबाजी का इतंजार कर रहे राकेश ने उतर कर तीन चौके जड़कर उम्मीद को जिंदा कर दिया। तभी पूर्व से जमे रमन का विकेट गिर गया। रन गति तेज चाहिए था और पिंच हीटर की भूमिका निभाने वाला एकमात्र बल्लेबाज सोमू पैवेलियन में बैठा था। पर कप्तान अभिषेक कुमार ने सोमू की जगह खुद को मैदान में उतारा और सिंगल डबल लेकर स्कोर को थोड़ा नजदीक ले गये ताकि पिंच हीटर द्वारा एक दो शॉट लगाने से लक्ष्य प्राप्त हो सके। 12 गेंदों में 18 रनों का लक्ष्य जब बचा, उसी समय कप्तान अभिषेक रन आउट होकर लौट गए। अंतिम 11 गेंदों पर 18 रन बनाने थे, तभी सोमू ने उतरकर दो चौके जड़ दिए। अंतिम ओवर में 6 गेंदों पर 8 रन का लक्ष्य बचा। पहली गेंद पर चौका जड़ने के बाद सोमू आउट हो गए। 5 गेंदों पर चार रनों का लक्ष्य बचा था, तभी लक्ष्मण पिच पर उतरे। पहली गेंद पर

कोई रन नहीं ले सके। इस तरह 3 गेंदों पर चार रनों के लक्ष्य ने दवाब बढ़ा दिया। इसी बीच थोड़ी सी मिसफील्ड का फायदा उठाकर लक्ष्मण ने दो रन दौड़ कर पूरा कर लिया। दो गेंदों में दो रन बाकी थे। पुनः लक्ष्मण ने एक रन लेकर अंतिम गेंद का सामना करने केलिए स्ट्राइक पहले से जमे राकेश को दे दिया। अंतिम गेंद पर राकेश द्वारा सिंगल लेते ही वेब मीडिया की टीम 3 विकेट से मुकाबला जीत गयी। वेब मीडिया के खेमे में उत्साह की लहर दौड़ गयी और सभी खिलाड़ियों ने मैदान में आकर जीत का जश्न मनाया।
फाइनल मैच का मैन ऑफ द मैच पुरस्कार वेब मीडिया के इम्तेयाज़ को दिया गया। वहीं मैन ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब राष्ट्रीय सहारा के केशव को मिला। जबकि बेस्ट बैट्समैन का खिताब रेस्ट ऑफ

मीडिया के तुफैल तथा बेस्ट बॉलर का खिताब दैनिक भास्कर के हरिमोहन को मिला।
कप्तान अभिषेक कुमार ने मैच के बाद बताया कि लगातार सभी मैच जीतते हुए वेब मीडिया की टीम ने टूर्नामेंट जीता है। टूर्नामेंट जीतने वाली टीम के किसी खिलाड़ी को न तो मैन ऑफ द टूर्नामेंट, न बेस्ट बैट्समैन और न ही बेस्ट बॉलर का ख़िताब मिला। फिर भी टीम चैंपियन बनी। यह इस बात का सबूत है कि किसी एक या दो खिलाड़ी ने नही, बल्कि पूरी टीम ने पूरा दमखम लगाया। इसलिए यह जीत पूरे टीम की जीत है।

