
ट्रैफिक पार्क का हुआ उद्घाटन, सुरक्षित ड्राइव के बताये गए नियम।
दरभंगा: बिहार राज्य पथ परिवहन निगम, एनसीसी उड़ान एवं एनसीसी की बिहार व झारखंड इकाई के संयुक्त तत्वाधान में सोमवार को 8 बिहार बटालियन एनसीसी में ट्रैफिक पार्क का उद्घाटन किया गया।
उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि सीएम साइंस कॉलेज के प्राचार्य प्रो. दिलीप कुमार चौधरी ने किया। मौके पर उन्होंने कहा कि भारत में रोड पर सुरक्षित ड्राइव करने के लिए भारत सरकार ने कुछ यातायात नियम बनाए हैं जिनका पालन कर रोड पर सावधानी रखी जा सकती है। यातायात नियमों के अनुपालन के लिए सड़क किनारे लगाये गये

सांकेतिक चिह्न सड़क यातायात की सुरक्षा में बेहद मददगार होते हैं। इसकी जानकारी हर व्यक्ति को रखनी चाहिए।
विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित यातायात एसएचओ नीलमणि ने कहा कि पहले सड़क दुर्घटना जैसी घटनाओं से लोग दूर भागते थे कि उन्हें मामले में बिना वजह पुलिस और कोर्ट का चक्कर लगाना पड़ेगा। लेकिन ऐसी बात नहीं है। वास्तव में सरकार ने सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने एवं उसकी देखरेख करने वाले के लिए बिना किसी परेशानी के इनामी रकम देने का प्रावधान कर रखा है। एनसीसी के उड़ान पदाधिकारी कैप्टन अनिल कुमार चौधरी ने

कहा कि सड़क यातायात नियमों की जानकारी रखना सभी के लिए जरूरी व महत्वपूर्ण है। हम अपने शहर में और दूसरे शहर में भी इसका पूर्ण लाभ उठा सकते हैं।
एनसीसी उड़ान के जिला संयोजक सुशील कुमार यादव ने सड़क यातायात के संकेतों के बारे में बारी-बारी से बताया। साथ ही सभी एनसीसी कैडेटों एवं एनसीसी उड़ान के स्वयंसेवकों से आग्रह किया कि हम सभी को यातायात संकेत का पालन करना चाहिए और किसी

वाहन का ओवरटेक ना करें जिससे कि हमारे जीवन को क्षति पहुंचे।
मौके पर सीएम साइंस कॉलेज के एनसीसी पदाधिकारी डॉ. अभय सिंह, 8 बिहार बटालियन एनसीसी के सूबेदार रूप बहादुर घीसिंग, सूबेदार धर्मेंद्र सिंह, बीएचएम लोकेश गुर्जर, हवलदार विप्लव आदि उपस्थित थे।

