
लगातार हो रही लूट एवं हत्या की घटनाओं से दहशत में हैं लोग।
देखिये वीडियो भी
दरभंगा: जिले में लगातार हो रही लूट एवं हत्या की वारदात से लोगों में दहशत है। अपराधी पुलिस को खुली चुनौती देकर अब दिन-दहाड़े घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। एक घटना का पुलिस पर्दाफाश कर नहीं पाती है कि दूसरे को अंजाम दे दिया जाता है। लगातार चुनौती मिलने से पुलिस वालों में बेचैनी बढ़ गई है। पुलिस चाहकर भी अपराध को नियंत्रण नहीं कर पा रही है। बिरौल के सुपौल बाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक से गुरुवार की शाम हुई लूट जिले की सबसे बड़ी घटना मानी जा रही है। अबतक इतनी बड़ी रकम की कभी लूट नहीं हुई थी।
अपराधियों ने बैंक से बोरा में लगभग 55 से 60 लाख रुपये लूट लिया और लूटकर फायरिंग करते हुए चलते बने। इस घटना से बैंक की सुरक्षा पर भी सवाल उठने लगे हैं। जिस समय बदमाश वारदात को अंजाम दे रहे थे उस समय बैंक के अंदर न तो गार्ड थे और न ही चौकीदार। स्थानीय लोगों की माने तो पुलिस गश्त की सिर्फ

औपचारिकता पूरी की जाती है। जबकि, सरकार की ओर से बैंक, एटीएम, सीएसपी, फाइनेंस कार्यालय, आभूषण दुकान, पेट्रोल पंप आदि की सुरक्षा को लेकर बार-बार निर्देश दिया जाता है। लेकिन, यह सिर्फ कागजों में रह जाता है।
वहीं पुलिस की सुस्ती के कारण ही गत 25 मार्च की रात घनयामपुर थानाक्षेत्र के रसियारी स्थित ज्यालीमुखी होलसेल किराना दुकान से अपराधियों द्वारा 13 लाख लूट लेने की बात सामने आयी थी। इसी रात में सोनकी धोई घाट स्थित नवटोली के पास सर्वेश पासवान की हत्या कर दी गई।
30 मार्च को बहादुरपुर थानाक्षेत्र के फ्रेंडस कालोनी के सामने लहेरियासराय-समस्तीपुर मार्ग में अपराधियों ने दिनदहाड़े रेडिएंट कैश मैनेजमेंट सर्विस के कैशियर जटाशंकर चौधरी की हत्या कर लगभग 12 लाख रुपये लूट लिए थे। पांच अप्रैल को बहेड़ा थानाक्षेत्र में

मनीगाछी के कनोखर निवासी सीताराम सहनी से अपराधियों ने बाइक और मोबाइल लूट लिया था।
गुरुवार को हुई लूट ने और आश्चर्य उतपन्न किया है, क्योंकि रामनवमी एवं रमजान को देखते हुए पुलिस को पहले ही अलर्ट कर दिया गया है। बावजूद, पुलिस को खुली चुनौती देने में अपराधी पीछे नहीं हट रहे हैं। ऐसी स्थिति में लगता है लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।

