
उत्पाद विभाग के विशेष शाखा की टीम ने दरभंगा में भारी मात्रा में पकड़ी शराब।
दरभंगा: जिले के नेहरा ओपी क्षेत्र से उत्पाद विभाग के पटना की विशेष शाखा की टीम में शामिल अधिकारियों ने गत छह अप्रैल की देर रात शराब लदी तीन गाड़ियों को जब्त कर लिया। शराब लदी इन गाड़ियों को सकरी धरौड़ा सड़क के बीच नेहरा कोठी टोला, राजबाड़ा के निकट बीच सड़क पर जब्त किया गया।
बताया जाता है कि दिल्ली से तीन गाड़ियों में शराब लेकर बिहार में खपाने की मिली गुप्त सूचना पर पटना स्थित उत्पाद विभाग की विशेष शाखा ने बिहार में प्रवेश करने पर इसकी ट्रैकिंग शुरू कर पीछा किया। सकरी एनएच से नीचे उतरकर बहेड़ा सड़क पर दक्षिण की

ओर आगे बढ़ने पर पीछे से ट्रैकिंग कर आ रहे उत्पाद विभाग के अधिकारी ने इसकी सूचना नेहरा ओपी को देकर इसे रोकने को कहा।
बताया जाता है कि सूचना मिलते ही जमादार के डी यादव अपने सहयोगियों के साथ नेहरा राजबाड़ा कोठी टोला के नजदीक बीच सड़क को घेर कर छिप गए। उत्पाद विभाग द्वारा पीछा किए जाने की भनक शराब लदी गाड़ियों के चालकों को लग गई। आगे बीच सड़क को घिरा तथा पीछे उत्पाद विभाग को देखकर तीनों गाड़ियों के चालक एवं उसके सहयोगी बीच सड़क पर गाड़ी रोक कर भागने लगे।
इस दौरान एक चालक को खदेड़कर पुलिस ने दबोच लिया। जब्त तीनों गाड़ियों में होंडा, इनोवा एवं ब्रेजा शामिल हैं। जब्त 750 एमएल की 1403 बोतलों में 1052.25 लीटर शराब की मात्रा पायी गई है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हरियाणा निर्मित यह शराब है जिसे शराब कारोबारी गत 5 अप्रैल को दिल्ली से चलकर इसी इलाके में खपाने निकले थे। गिरफ्तार चालक नजफगढ़, धर्मपुरा,

दिल्ली निवासी चैखेलाल का पुत्र कृष्ण कुमार है। उससे जब्त मोबाइल लोकेशन से मिली जानकारी के अनुसार वह नेहरा ओ पी के निकट ही इसकी डिलिवरी करने वाला था कि पुलिस के हत्थे चढ़ गया।चालक ने भी इसी इलाके में खपाने की जानकारी पुलिस को दी है।इस कार्रवाई में दरभंगा उत्पाद विभाग के अधिकारी भी शामिल थे।
पुलिस ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। चालक को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।

