
जिले में जारी है हत्याओं का खूनी खेल, बेखौफ अपराधियों ने युवक को दिनदहाड़े मारी गोली।
देखिये वीडियो भी👆
दरभंगा: जिले में बेखौफ अपराधियों का तांडव जारी है। हत्या और लूट की निरंतर घट रही घटनाओं में रविवार को भी इजाफा जारी रहा। फिर एकबार दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर देने का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के तिलकेश्वर ओपी क्षेत्र के तेगच्छा और झाझा के बीच रविवार को दिन-दहाड़े एक मक्का की खेत में घेरकर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक की पहचान झाझा निवासी 40 वर्षीय भरत मुखिया के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलने के साथ तिलकेश्वर ओपी की पुलिस ने

घटनास्थल पर पहुंचकर शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है। अपराधी कैसे आए थे और कितनी संख्या में आए थे, इसकी भी जानकारी पुलिस को नहीं मिल सकी है।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार भरत मुखिया तेगच्छा गांव से मोटरसाइकिल पर डीजल लेकर अपने गांव झाझा की ओर आ रहा था। इस बीच रास्ते में तेगच्छा और झाझा के बीच सुनसान स्थान में स्थित मक्का के खेत में पहले से घात लगाकर बैठे हथियार बंद अपराधियों ने दोपहर करीब एक बजे उसे गोली मार मौत के घाट उतार दिया। बदमाशों ने भरत की कनपट्टी में तीन से चार गोली मारी

है। घटनास्थल से डीजल लदी बाइक भी मिली है।
स्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि अपराधी हत्या की नीयत से ही वहां जमा थे। जैसे ही युवक डीजल लेकर निकला उसे गोली मारी और निकल गए।
हालांकि, मामले की जांच में जुटी पुलिस को घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। इस बीच हत्या के बाद इलाके के लोगों में भय वह दहशत का माहौल है। तिलकेश्वर ओपी के प्रभारी अजीत कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना की जांच चल रही है। कारणों का पता लगाया जा रहा है।

