
बरसात पूर्व नाला उड़ाही व शहर की साफ-सफाई को लेकर जोन प्रभारियों के साथ नगर आयुक्त ने की बैठक।
दरभंगा: बरसात में जलजमाव की समस्या को लेकर प्रशासनिक अधिकारी गंभीर हैं। नगर आयुक्त अखिलेश कुमार सिंह ने बरसात पूर्व नाला उड़ाही व शहर की साफ-सफाई और डोर टू डोर कचरा उठाव को लेकर जोन प्रभारियों के साथ मंगलवार को बैठक की। इस दौरान उन्होंने साफ कहा कि बरसात से पहले हर हाल में नाला उड़ाही का काम पूरा कर लिया जाना है। नालों के आसपास किसी भी स्थिति में कचरा जमा नहीं होने पाए, इसका ध्यान रखना है। इसके लिए तत्काल काम शुरू कर दिए जाए।

बैठक से कई सफाई कर्मचारियों की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने संबंधितों के एक दिन का वेतन बंद करने का निर्देश नगर प्रबंधक नागमणि सिंह को दिया।
उन्होंने कहा कि बरसात के पहले सभी बड़े नालों की सफाई मजबूती के साथ करनी है। जहां कहीं भी नाला जाम है, उसकी भी सफाई जेसीबी लगाकर करनी है। नगर आयुक्त ने सफाई कर्मचारियों द्वारा शहर के कई हिस्सों से कचरा का उठाव समय से नहीं किए जाने पर काफी अफसोस जताते हुए कहा कि यदि समय पर कचरे का उठाव नहीं किया गया तो आने वाले समय में उसी कचरा से नाला जाम हो जाएगा। इससे सफाई करने में कठिनाई होगी। इस समस्या को तत्काल समाप्त किया जाना है। जोन प्रभारी गौतम राम, मुन्ना राम का वेतन अनुपस्थित रहने के

कारण बंद करने का आदेश जारी किया गया है।
सफाई व्यवस्था में लगे वाहन का उपयोग करने से पहले मरम्मत कार्य करा ली जाए। उन्होंने वाहन चालकों और वाहन प्रभारी और सफाई प्रभारी को निर्देश दिया है कि जो सफाई कर्मचारी समय पर नहीं आते हैं, उनकी हाजिरी रजिस्टर पर नहीं बननी चाहिए। उन्होंने सभी सफाई कर्मचारियों को आदेश दिया कि शहर की साफ-सफाई सुंदरता आपलोगों के हाथों में है। इसलिए बरसात के पहले सभी नाला और कलवर्ट की सफाई शुरू कर दी जाए। बैठक में नगर प्रबंधक नागमणि सिंह और

सफाई प्रभारी महेश्वर प्रसाद सहित कई जोन प्रभारियों और सफाई मजदूरों ने भाग लिया।
वहीं बरसात के पहले शहर के सभी नालों की सफाई को लेकर नगर प्रबंधक नागमणि सिंह ने प्लान तैयार किया है। उन्होंने कहा कि शहर बरसात में डूब जाती है। इसके लिए नगर निगम प्रशासन ने पहले से ही प्लान तैयार कर लिया है। जिसमें कुल 30 प्रकार का नाला आउटलेट और स्लूइस गेट है। शीघर उसकी साफ सफाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि शहर में साफ सफाई के लिए तीन जोन बनाए गए हैं। जोन नंबर एक में हसन चौक से लेकर आयकर चौराहा,रोज पब्लिक स्कूल, सिधी टोला, कटहलबाडी अल्बर्ट, बिहार मोटर गैराज, एफसीआई आफिस होते हुए कंगवा गुमती तक। जोन नंबर तीन में कादिराबाद दुर्गा मंदिर से बस स्टैंड बाघ

मोड़ से रेलवे पुलिया तक। राजकुमार गंज से लेकर डा. एलएम चौधरी के घर से लेकर मथुरा बाबू एंपावरमेंट तक। वार्ड संख्या-आठ में बड़ी नाग मंदिर पथ में निर्मित नाला होते हुए विश्वनाथ झा वकील के घर तक बागमती नदी से लेकर गुलोबाड़ा में सरस्वती कन्या पाठशाला तक सफाई की जाएगी।
जोन तीन में दरभंगा टावर चौक स्थित पार्किंग स्थल से लेकर नवीन वस्त्रालय एवं लस्सी दुकान से नूतन पुस्तक भंडार, सकमा पुल से लेकर मिर्जापुर डा. पीके ठाकुर, के घर से लेकर दिग्घी
पोखर तक नाले की सफाई करने का आदेश दिया गया है। इसके लिए जेसीबी मशीनों, टेलर टैंकर, ट्राली और सफाई मजदूरों की व्यवस्था कर ली गई है।

