
मेयर ने प्रेस वार्ता कर दी नगर निगम के आगामी योजनाओं की जानकारी।
दरभंगा: दरभंगा नगर निगम की महापौर मुन्नी देवी ने बुधवार को अपने कार्यालय कक्ष में संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया। इस दौरान वे पूरे तेवर में दिखी। योजनाओं पर विस्तृत चर्चा के साथ विरोधियों पर भी तंज कसने में पीछे नही रही।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कचरा शुल्क पर हम सब समीक्षा करने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि जलापूर्ति ढांचा को मजबूत करने के लिए अभी प्रत्येक वार्ड में नया समरसेबल सेट लगाया जा रहा है। जहां ज्यादा पानी की जरूरत है, वहां निगम

के टैंकर से अविलंब पानी की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि दरभंगा नगर निगम अभी बहुत अच्छा काम कर रहा है। गलियों में स्ट्रीट लाइट लगायी गयी है। महापौर ने कहा कि संपत्ति कर निर्धारण वार्षिक किराया मूल्य वृद्धि अधिसूचना को विलोपित किया गया है। दरअसल कोरोना से आर्थिक लाचारी को देखते हुए कोई नया होल्डिंग टैक्स बढ़ाने का फैसला नहीं किया गया है। अभी दरभंगा के लोगों को पुराने होल्डिंग टैक्स पर ही टैक्स देते रहना है।
वहीं उन्होंने होल्डिंग टैक्स बढ़ोतरी के विरुद्ध हुए प्रदर्शन पर विरोधियों पर तंज कसते हुए कहा कि कि जब हमने अपने त्वरित आदेश से होल्डिंग टैक्स और संपत्ति कर के नए आदेश को रोक दिया था फिर बेवजह होल्डिंग टैक्स बढ़ोतरी का नाटक तमाशा करके पुतला दहन करने वाले आखिर आम लोगों को दिग्भ्रमित करके कौन सा राष्ट्रीय अवार्ड पाना चाहते हैं। इसके लिए तो उन्होंने खुद आगे बढ़कर रोक लगा दिया था।

