
राशि गबन के आरोपी वार्ड सदस्य एवं वार्ड सचिव को किया गया गिरफ्तार।
दरभंगा: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के महत्वाकांक्षी सात निश्चय के तहत हर घर नल का जल योजना में अनियमितता बरतने व गबन के आरोप में अस्थुआ पंचायत के कोरौनी वार्ड आठ के सदस्य रामनाथ सदा व पूर्व सचिव रवि कुमार महतो को गिरफ्तार किया गया है। बताया जाता है कि आरोपी वार्ड सदस्य व सचिव के द्वारा पिछले कार्यकाल में राशि निकासी कर नल जल योजना के कार्य को पूर्ण नहीं किया गया था। हालांकि गत पंचायत चुनाव में वार्ड सदस्य ने दोबारा जीत हासिल की थी लेकिन वार्ड सभा में सचिव को बदल दिया गया है।
बताते चलें कि उक्त मामले में तत्कालीन बीडीओ शशिप्रकाश ने छह मार्च 2021 को अस्थुआ पंचायत के वार्ड संख्या 1, 2, 3, 5, 6 व 8 के वार्ड क्रियान्वयन एवं प्रबंधन समिति के अध्यक्ष व

सचिव के विरुद्ध मुख्यमंत्री पेयजल निश्चय योजना में राशि निकासी कर कार्य नहीं करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। वार्ड आठ में गली नाली योजना के क्रियान्वयन में भी अनियमितता पाई गई थी। कार्य को प्राक्कलन के अनुसार नही किया गया था।
वहीं पूर्व में भी सिमरी, अरई बिरदीपुर, रामपुरा, निस्ता आदि पंचायत में नल जल योजना को लेकर वार्ड सदस्य व सचिव के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है। वहीं समय सीमा समाप्त होने के बावजूद प्रखंड की ऐसी कई पंचायत हैं, जहां के कई वार्डों में नल जल योजना धरातल पर नहीं उतर सकी है। ग्रामीणों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों, कर्मियों व अधिकारियों की मिलीभगत से कागजों में योजना को पूर्ण कर महज खानापूरी कर ली गई है।

