
एक्शन में आये एसएसपी, लापरवाही के आरोप में एकसाथ चार थानाध्यक्षों को किया निलंबित।
दरभंगा: जिले में लगातार बढ़ रहे अपराध के कारण पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे थे। लगता है इसे दरभंगा के वरीय पुलिस अधीक्षक ने भी गम्भीरता से लेते हुए एक्शन लेना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में प्राथमिकी दर्ज करने में लापरवाही एवं प्राथमिकी में धारा न्यूनीकरण करने के आरोप में एसएसपी अवकाश कुमार ने चार थानाध्यक्षों एकसाथ निलम्बित कर दिया है।
निलम्बित होने वाले थानाध्यक्षों में सदर थानाध्यक्ष सरवर आलम, भालपट्टी ओपी अध्यक्ष शशि भूषण सिंह, बहेड़ी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार मंडल एवं कुशेश्वरस्थान के थानाध्यक्ष भगवान सिंह शामिल हैं। इन सभी को तत्काल प्रभाव से

निलंबित कर दिया गया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एसएसपी अवकाश कुमार ने बताया कि बहेड़ी में गत 27 मार्च की रात्रि अलंकार ज्वेलर्स दुकान बंद करके घर लौट रहे प्रमोद कुमार से अपराधियों ने सोना, जेवर एवं अन्य सामान लूट लिया। इस कांड में थानाध्यक्ष ने कांड दर्ज न करके केवल सनहा दर्ज कर लिया था। कांड की गम्भीरता को देखते हुए उन्हें निलम्बित किया गया है।
वहीं कुशेश्वरस्थान के हिरणी निवासी संजू सुमन चौधरी से गत 10 अप्रैल को सदर थानाक्षेत्र के काकरघाटी के निकट ट्रैक्टर एवं डाला लूट लिया गया था। यह गम्भीर लूट की घटना थी। पर थानाध्यक्ष द्वारा लूट की घटना दर्ज न करके कांड का न्यूनीकरण किया गया। इसी को लेकर सदर थानाध्यक्ष सरवर आलम को

निलंबित किया गया है।
इसी प्रकार गत 30 मार्च को पंडौल थानाक्षेत्र निवासी राजदेव साहू से भालपट्टी ओपी क्षेत्र अंतर्गत अदलपुर एवं अयूबनगर के बीच बाइक एवं 36000 रुपये लूट की घटना घटी थी। इस कांड में बिना कारण दर्शाये बहुत विलम्ब से ओपी अध्यक्ष द्वारा सदर थानाध्यक्ष को प्राथमिकी हेतु आवेदन अग्रसारित किया गया था। इस मामले में उनसे स्पष्टीकरण की मांग की गयी थी। स्पष्टीकरण अप्राप्त होने की स्थिति में भालपट्टी ओपी अध्यक्ष शशिभूषण सिंह पर निलम्बन की कारवाई की गयी है।
चौथा मामला कुशेश्वरस्थान थानाक्षेत्र का है। विपिन चौक के निकट अवस्थित सीएसपी सेंटर बन्द करके लौट रहा था। मैठा कब्रिस्तान के निकट अपराधियों ने ग्लैमर बाइक से ओवरटेक करते हुए दो अज्ञात अपराधी उनके कनपट्टी में पिस्टल सटा कर पैसे से भरा झोला छीनने लगा। उसी दौरान एक पिकअप से

निकलकर अपराधी आया और मारपीट कर पैसा छीन लिया। लगभग 1,30,000 की लूट हुई। पुलिस ने घटनास्थल से उक्त पिकअप को जब्त कर लिया तथा थाना लेकर चले गए। अगले दिन ही पिकअप को छोड़ दिया गया। बिरौल एसडीपीओ द्वारा प्राप्त जांच प्रतिवेदन के आधार पर लापरवाही केलिए कुशेश्वरस्थान थानाध्यक्ष भगवान सिंह को निलंबित कर दिया गया है।

