
एएसआई पुत्र की पंखे से लटकती मिली लाश, हत्या और आत्महत्या में उलझी गुत्थी!
देखिये वीडियो भी👆
दरभंगा: शहर के लहेरियासराय थानाक्षेत्र के गुदरी बाजार में उस समय सनसनी मच गयी जब एक मकान में किराये पर रहने वाले 15 वर्षीय छात्र की लाश पंखे से लटकते मिली। युवक के पिता रंजीत कुमार बिहार पुलिस में एएसआई के पद पर कार्यरत हैं और फिलहाल मधुबनी जिले में पदस्थापित हैं।
घटना की सूचना मिलते ही लहेरियासराय थानाध्यक्ष एचएन सिंह दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम केलिए डीएमसीएच भेजा गया। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
मौके पर मौजूद मृतक छात्र शिवम कुमार के पिता रंजीत कुमार ने बताया कि शिवम शुक्रवार की शाम ही गुदरी बाजार अवस्थित

पंकज राय के किराए के मकान में लौटा था। वह दरभंगा में रहकर दसवीं की पढ़ाई कर रहा था। सुबह करीब आठ बजे तक वह कमरे से बाहर नही निकला। कमरे का दरवाजा खुला था और केवल पर्दा लगा था। तब मकान मालिक ने पर्दा हटाकर देखा तो शिवम का शव पंखे से झूल रहा था। इसके बाद पुलिस को एवं उन्हें सूचना दी गयी।
मृतक के पिता ने शिवम की मौत को संदेहास्पद बताया है। उन्होंने कहा कि वह दरवाजा खोलकर आत्महत्या क्यों करेगा!

साथ ही चौकी की ऊंचाई और शिवम की लंबाई का जिक्र करते हुए भी उन्होंने खुद से फांसी लगाने पर शक जाहिर किया है। हालांकि उन्होंने किसी पर शंका जाहिर नहीं किया।
घटनास्थल पर भी लोग अलग अलग तरह की आशंकाएं जता रहे थे। हालांकि मामले की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकती है।

