
शहरी क्षेत्र में जुलाई 2022 तक हर घर होगा स्मार्ट मीटर से लैस।
दरभंगा: शहरी क्षेत्र में जुलाई 2022 तक हर घर स्मार्ट मीटर से लैस हो जाएगा। विद्युत विभाग द्वारा बिजली उपभोक्ताओं के घर, दुकान और उद्योग-धंधे वाले जगहों पर स्मार्ट प्रीपेड बिजली मीटर युद्धस्तर पर लगाए जा रहे हैं। विभाग द्वारा बिजली में सुधारों की कवायद लगातार जारी है, इस कड़ी में अब स्मार्ट बिजली मीटर का भी नाम जुड़ गया है। अब विद्युत उपभोक्ताओं को न केवल बिजली बिल संबंधी समस्याओं से निजात मिल रही है, बल्कि उन्हें अपने घर प्रतिष्ठान में बिजली के खपत की पल-पल की जानकारी भी मोबाइल पर मिलने लगी है। हालांकि शुरुआती दिनों में कुछ उपभोक्ताओं को जानकारी के अभाव में थोड़ी बहुत समस्याएं उठानी पर रही है।
बता दें कि शहरी क्षेत्रों में कुल 75 हजार स्मार्ट बिजली मीटर लगाए जाएंगे। इसको लेकर दो फेज में मीटर लगाने का कार्य

चल रहा है। प्रथम फेज में लहेरियासराय में 35 हजार स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। अब तक लगभग पांच हजार स्मार्ट मीटर लग चुके हैं। वहीं दरभंगा अर्बन क्षेत्र में 40 हजार स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। इस क्षेत्र में अब तक लगभग दो सौ मीटर लगाए जा चुके हैं।
मीटर के बारे में जानकारी देते दरभंगा शहरी के विद्युत कार्यपालक अभियंता विकास कुमार ने बताया की स्मार्ट मीटर में कई ऐसी खासियत है, जिससे विद्युत उपभोक्ताओं को बहुत अधिक राहत प्राप्त होगी। स्मार्ट मीटर को रिचार्ज कराने के बाद बिजली विभाग पर किसी भी प्रकार का बकाया भार नहीं रहेगा। बिजली चोरी पर अंकुश लग जाएगा।
दरभंगा शहरी के सहायक विद्युत अभियंता गौरव कुमार ने बताया कि रात्रि में स्मार्ट मीटर का रिचार्ज खत्म होने बिजली नहीं कटती है। इसके लिए भी समय का निर्धारण किया गया है। सुबह 10

बजे से दोपहर एक बजे के बीच रिचार्ज खत्म होने पर बिजली कटेगी। इसके साथ ही सरकारी अवकाश के दिनों में भी प्रीपेड स्मार्ट मीटर का रिचार्ज खत्म होने की स्थिति में बिजली नहीं कटेगी।
विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता सीताराम पासवान ने कहा कि दरभंगा शहरी क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर लगाने में सहयोग करना चाहिए। किसी भी तरह की समस्या होने पर विभागीय कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है। त्वरित रूप से समस्याओं का निदान करवाया जाएगा।

