
दरभंगा पुलिस को शराब माफियाओं के विरुद्ध मिली बड़ी कामयाबी, दो ट्रक भी जब्त।
दरभंगा: दरभंगा पुलिस को विगत दो दिनों में शराब माफियाओं के विरुद्ध बड़ी कामयाबी मिली है। इन दो दिनों में पुलिस ने लगभग साढ़े पांच हजार लीटर से अधिक शराब जब्त की है। वहीं शराब लदे दो ट्रकों को भी जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को सदर थानाक्षेत्र अंतर्गत एनएच 57 पर सीता पेट्रोल पंप के निकट गुप्त सूचना के आधार पर करीब 3000 लीटर विदेशी शराब ले जा रहे ट्रक को पुलिस ने पकड़ा। ट्रक के साथ हरियाणा जिले के पंचकुला निवासी बलविंदर सिंह को हिरासत में लिया गया है।
वहीं दूसरी तरफ सोमवार को मद्य निषेध विभाग पटना को प्राप्त सूचना के आधार पर सदर थाना द्वारा एक 10 चक्का ट्रक को जब्त किया गया। ट्रक में जलावन के नीचे तहखाना बनाकर 293 कार्टून विदेशी शराब छिपा कर रखा गया था, जिसकी कुल मात्रा लगभग ढाई हजार लीटर बतायी जाती है।
वहीं सोमवार को ही गुप्त सूचना के आधार पर दरभंगा पुलिस द्वारा तिलकेश्वर ओपी अंतर्गत सिमराहा में 375 एमएल की 168 बोतल के साथ सुमित यादव को गिरफ्तार किया गया है। बरामद शराब की कुल मात्रा 63 लीटर बतायी जाती है।

