Home Featured आयुर्वेद कॉलेज के सभी परीक्षार्थियों का रिजल्ट जारी, खत्म हुआ बेमियादी धरना।
Featured - मुख्य - April 20, 2022

आयुर्वेद कॉलेज के सभी परीक्षार्थियों का रिजल्ट जारी, खत्म हुआ बेमियादी धरना।

दरभंगा: कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय ने बुधवार को सीवान स्थित आयुर्वेद कॉलेज के सभी परीक्षार्थियों का रिजल्ट जारी कर दिया। इसे विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड भी कर दिया गया है।

रिजल्ट जारी होने के साथ ही विश्वविद्यालय मुख्यालय में गत 18 अप्रैल से चल रहा बेमियादी धरना भी समाप्त हो गया। कुलपति प्रो. शशिनाथ झा ने बुधवार को धरना स्थल पर आकर छात्रों को रिजल्ट प्रकाशन की सूचना देते हुए धरना समाप्त करने का

Advertisement

अनुरोध किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने धरना समाप्त कर दिया।

उधर, रिजल्ट का प्रकाशन होते ही परीक्षार्थियों में खुशी की लहर दौड़ गई। वे सीवान से दरभंगा आकर विपरीत परिस्थितियों में भी बेमियादी धरने पर बैठे थे। धरने पर बैठने वालों में दो दर्जन से अधिक छात्राएं भी थीं। पूर्व में विश्वविद्यालय प्रशासन से मिले आश्वासन के कारण वे सिर्फ एक दिन के लिए यहां आये थे, लेकिन लगातार तीन दिनों तक उन्हें धरने पर बैठना पड़ा। परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनय कुमार मिश्र ने रिजल्ट प्रकाशन की पुष्टि करते हुए कहा कि परीक्षा परिषद के निर्णय तथा कुलपति के आदेश से

Advertisement

आयुर्वेद वाचस्पति अंतिम (पीजी) 2019 , आयुर्वेद वाचस्पति खंड प्रथम (पीजी) 2018, आयुर्वेद वर्ष 4- 2020, आयुर्वेद वर्ष 3- 2020, आयुर्वेद वर्ष 2 – 2020 तथा आयुर्वेद वर्ष 1- 2020 के सभी परीक्षार्थियों का रिजल्ट प्रकाशित कर दिया गया है।

बताते चलें कि इन परीक्षार्थियों की परीक्षा करीब सात महीने पूर्व विश्वविद्यालय मुख्यालय स्थित परीक्षा केंद्र पर हुई थी। परीक्षा के दौरान प्रतिकुलपति के औचक निरीक्षण में कुछ छात्रों के कदाचार में लिप्त होने के मद्देनजर उनकी रिपोर्ट के आधार पर एक पत्र की परीक्षा रद्द कर दी गई थी। बाद में परीक्षा परिषद के निर्णय और कुलपति के आदेश से इस पत्र की परीक्षा फिर हो सकी। इसके बाद से ही परीक्षार्थियों में रिजल्ट को लेकर अंदेशा था। इसके अलावा 29 परीक्षार्थियों के विवादास्पद नामांकन का भी मुद्दा था। इसकी जांच के लिए कुलपति ने एक कमेटी गठित कर दी। कमेटी ने छात्रहित में प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसके बाद अंतत: रिजल्ट प्रकाशित हो सका है।

Share