
खाना बनाने के दौरान हुए सिलेंडर विस्फोट से लगी आग में दो बच्चियों की मौत, दस घर जलकर राख।
देखिये वीडियो भी👆
दरभंगा: कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में गुरुवार की सुबह खाना बनाने के दौरान एक घर में अचानक सिलेंडर ब्लास्ट होने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में दो बच्चियों की मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। उनका इलाज चल रहा है। घटना में एक बकरी भी जल गई है। आग की तीव्रता ऐसा थी कि देखते-देखते आसपास के करीब दस घर इसकी चपेट में आ गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नारायणपुर गांव के राधेश्याम राम के घर हर दिन की तरह आज भी सुबह छह बजे गैस पर खाना

पकाया जा रहा था। तभी अचानक आग लग गयी। जब आग लगी तो दो बच्चियां वहीं पर थीं। आग देखकर वो चौकी के नीचे जाकर छुप गईं। चंद मिनटों में ही सिलेंडर में विस्फोट हो गया।
सिलेंडर ब्लास्ट होते ही आसपास में लोगों के बीच अफरातफरी मच गई। आग का रौद्र रूप देखकर लोग अपने घरों को छोड़कर भागने लगे। कुछ ग्रामीणों द्वारा सीओ और फायर बिग्रेड को आग लगने की सूचना दी गई। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों और फायर बिग्रेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। इस दौरान घर से दोनों बच्चियों को बाहर निकाला गया। मरने वाली

बच्चियों में दस साल की मौसम कुमारी और आठ साल की मेहर कुमारी है।
वहीं इस घटना में दो लोग बुरी तरह घायल बताए जा रहे है। उनका स्थानीय पीएचसी में इलाज चल रहा है। इस घटना में घर में बंधी एक बकरी भी जलकर मर गई। घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष उमेश झा, सीओ कासिफ नवाज दल बल के साथ पहुंचे। प्रशासन ने दोनों बच्चियों के शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। कासिफ नवाज ने बताया कि सरकार की ओर से जो भी सहायता राशि होगी, वो दी जाएगी।

