
बोलेरो की ठोकर से वृद्धा की मौत, घण्टों रहा सड़क जाम।
दरभंगा: जिले के सिंहवाड़ा थानाक्षेत्र के अतरबेल – भरवाड़ा पथ पर सिंहवाड़ा उत्तरी में गुरुवार की सुबह बोलेरो की ठोकर से एक वृद्धा की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। मृतका की पहचान स्वर्गीय गद्दो सहनी की पत्नी समुद्री देवी (60 वर्ष) के रूप में की गई है। वाहन की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि घटनास्थल पर लगे बिजली का खंभा टूटकर दो टुकड़े हो गया। घटना से आक्रोशित लोगों ने मृतका के शव के साथ मुआवजे की मांग को लेकर बांस बल्ला लगाकर सड़क को जाम कर दिया।
बताया जाता है कि मृतका के पति की मौत हो चुकी है। उसे कोई बेटा नहीं है। दो बेटियों की भी मौत हो चुकी है। नाती अरुण कुमार व नतिनी सीमा देवी के साथ रहती थी। महिला फल व सब्जियां बेचकर जीवन यापन करती थी। घटना के समय व गांव के ही गोदाम से तरबूज लाने जा रही थी इसी बीच कटासा की ओर से सिंहवाड़ा की ओर जा रही तेज रफ्तार बोलेरो ने महिला

को ठोकर मारकर बिजली के पोल में टक्कर मार दी। जिससे घटनास्थल पर ही महिला की मौत हो गई। वहीं बिजली पाेल टूट जाने से करीब छह गांवाें में बिजली की आपूर्ति ठप हो गई। सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष अमित कुमार ने लोगों को समझाने का भरसक प्रयास किया लेकिन, आक्रोशित लोग मुआवजे व वरीय अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े थे।
बाद में पहुंचे बीडीओ राजीव रंजन कुमार ने मुआवजे का आश्वासन दिया तब जाकर पांच घंटे बाद सड़क जाम हटा। इस दौरान जाम के कारण यात्री व वाहन चालक हलकान होते रहे।

आक्रोशित लोगों ने कटासा से पैगंबरपुर जाने वाले वैकल्पिक मार्ग को भी बांस-बल्ला लगाकर अवरुद्ध कर दिया था।
जाम को देख बाइक सवार तो लिंक रास्तों से निकलते दिखे लेकिन बड़े वाहन पांच घंटे तक जाम में फंसे रहे। सड़क जाम के कारण दोनों ओर तीन किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। जाम हटने पर पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।

