
मंत्री ने किया किसान मेला सह प्रदर्शनी का उद्घाटन।
दरभंगा: मंगलवार को जिले के जाले स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के प्रांगण में “किसान भागीदारी प्राथमिकता हमारी” अभियान-2022 के तहत आयोजित किसान मेला सह प्रदर्शनी का उद्घाटन बिहार के श्रम संसाधन सह सूचना व प्रौद्योगिकी मंत्री जीवेश कुमार, डीडीएम नाबार्ड आकांक्षा, आत्मा के परियोजना निदेशक पुर्णेन्दु नाथ झा, केंद्र के अध्यक्ष डा. दिव्यांशु शेखर आदि ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस मौके उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों को जागरूक कर उन्हें अगली पंक्ति में लाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर से अथक प्रयास किया जा रहा है। प्रधानमंत्री को इसका एहसास है कि देश के 76 प्रतिशत लोग कृषि कार्य से जुड़े हैं। 55 प्रतिशत मजदूर कृषि कार्य में लगे हैं।

देश के युवाओं को खेती के क्षेत्र में आगे आकर देश की जिम्मेदारी को संभालना होगा।
उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी अगर कृषि के लिए तैयार नहीं हुई तो आने वाले समय में सरकार के अथक प्रयास के बावजूद अन्न संकट पैदा हो सकता है। इसीलिए सरकार की कृषि संबंधी सभी योजनाओं कार्यक्रमों में किसानों की भागीदारी आवश्यक है। मंत्री ने जाले कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों से कृषि कार्य के लिए बेहतर से बेहतर प्रयोग करने को कहा।
मौके पर डीडीएम नावार्ड ने उपस्थित किसानों से अपनी माली हालात में सुधार लाने के लिए किसान उत्पादक समूह से जुड़ने को कहा। आत्मा के परियोजना निदेशक पूर्णेंदु नाथ झा ने किसानों को अपने खेतों की मिट्टी जांच कराने और प्राकृतिक खेती की आधुनिक तकनीक अपनाने के लिए प्रेरित किया। केंद्राधीक्षक डा. दिव्यांशु शेखर ने उपस्थित कृषकों को राज्य

सरकार द्वारा पांच पंचायतों में संचालित होनेवाली जलवायु अनुकूल खेती एवं केंद्र सरकार द्वारा मुरैठा, जोगियारा एवं चंदौना में चलाई जानेवाली जलवायु अनुकूल खेती पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्राधीक्षक डॉ दिव्यांशु शेखर व संचालन केंद्र के वैज्ञानिक अंजली सुधाकर एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ सिराजुद्दीन ने किया।

