
क्रिएटिव राइटिंग एंड ट्रांसलेशन की महत्ता विषयक राष्ट्रीय विचारगोष्ठी का आयोजन।
दरभंगा: स्थानीय सीएम कॉलेज के इग्नू अध्ययन केन्द्र तथा क्रिएटिव राइटिंग एंड ट्रांसलेशन कोर्स के संयुक्त तत्वावधान में क्रिएटिव राइटिंग एंड ट्रांसलेशन की महत्ता विषयक राष्ट्रीय विचारगोष्ठी का आयोजन गूगल मीट माध्यम से महाविद्यालय परिसर में किया गया, जिसका उद्घाटन प्रधानाचार्य डा फुलो पासवान ने किया।
इग्नू क्षेत्रीय केन्द्र, दरभंगा के वरीय क्षेत्रीय निदेशक डा शंभू शरण सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में एमआरएम कॉलेज की प्रधानाचार्या डा रूपकला सिन्हा मुख्य अतिथि, सी एम कॉलेज के अंग्रेजी विभागाध्यक्षी प्रो इंदिरा झा मुख्य वक्ता, जाकिर हुसैन दिल्ली (सांध्य) कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय की हिन्दी- प्राध्यापिका डा राजकुमारी सम्मानित अतिथि, इलाहाबाद विश्वविद्यालय, प्रयागराज के हिन्दी- प्राध्यापक डा वीरेन्द्र कुमार मीणा सम्मानित वक्ता के रूप में अपने महत्वपूर्ण विचार व्यक्त किए।

प्रधानाचार्य डा फुलो पासवान ने कहा कि मिथिला में ज्ञान- विज्ञान के चिंतन की प्राचीन परंपरा रही है। युवा ही राष्ट्र के वास्तविक भविष्य हैं जो सामाजिक विकृतियों को दूर करने में सक्षम हैं। उन्होंने आह्वान किया कि युवा अपनी क्रिएटिविटी से समाज को नई दिशा- दशा प्रदान करें।
मुख्य अतिथि डा रूपकला सिन्हा ने कहा कि रचनात्मक लेखन एक कला है जो हमारी अभिव्यक्ति को व्यक्त करने का श्रेष्ठ माध्यम है। मुख्य वक्ता प्रो इन्दिरा झा ने कहा कि वैसे तो क्रिएटिविटी ईश्वरीय वरदान है, पर निरंतर अभ्यास एवं कठिन मेहनत से इसे प्राप्त करना संभव है।
सम्मानित वक्ता डा वीरेन्द्र कुमार मीणा ने कहा कि भाषा, संस्कृति व व्यावहारिक ज्ञान देने में सहायक अनुवाद के क्षेत्र में व्यापक रोजी- रोजगार उपलब्ध हैं। संस्कृत के प्राध्यापक डा विकास सिंह ने कहा कि दो से अधिक भाषाओं के जानकार ज्यादातर व्यक्ति क्रिएटिव होते हैं।
चीफ कोऑर्डिनेटर डा चौरसिया ने बताया कि क्रिएटिव राइटिंग एंड ट्रांसलेशन कोर्स में 20 नामांकन हो चुका है, जबकि 20 सीट अभी रिक्त है। इच्छुक छात्र मोबाइल नं. 99054 37636 तथा 98356 79796 पर संपर्क कर पहले आओ- पहले पाओ तर्ज पर नामांकन ले सकते हैं, जबकि कोर्स कोऑर्डिनेटर डा मनोज सिंह ने बताया कि इस कोर्स के 7-8 विशेषज्ञ शिक्षकों के माध्यम से मई माह में वर्गारंभ किया जाएगा। तदोपरांत 15 दिनों का प्रशिक्षण कार्यशाला भी आयोजित किया जाएगा, जिसके प्रमाण पत्र भी छात्रों को दिए जाएंगे।

