
जानकी नवमी पर मैथिली दिवस समारोह का होगा भव्य आयोजन: डॉ0 बैजू।
दरभंगा: धरतीपुत्री सीता का प्राकट्य दिवस समारोह विद्यापति सेवा संस्थान के तत्वावधान में आगामी 10 मई को धूमधाम के साथ मनाया जायेगा। स्थानीय एमएमटीएम कालेज-परिसर में प्रातःकाल भगवती सीता की प्रतिमा की शास्त्रीय विधि से पूजा-अर्चना होगी। इसके बाद मैथिली दिवस समारोह का भव्य आयोजन होगा। यह बात विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव डॉ0 बैद्यनाथ चौधरी बैजू ने कही। वे बुधवार को एमएमटीएम कॉलेज के सभागार में मीडिया से मुखातिब थे।
डॉ0 बैजू ने कहा कि संस्थान कई दशकों से जानकी नवमी का आयोजन करता आ रहा है। जबकि बीते एक दशक से अधिक समय से मूर्ति पूजा भी की जा रही है। जानकी नवमी का विस्तार-अभियान निरंतर प्रगति कर रहा है। आज राष्ट्रीय स्तर पर हजारों स्थान पर जानकी नवमी समारोहपूर्वक मनाने का क्रम शुरू हो चुका है। वहीं अमेरिका, जर्मनी, कैलिफोर्निया, रूस

आदि देशों में भी मिथिलावासी जानकी नवमी का आयोजन कर रहे हैं।
डॉ0 बैजू ने बताया कि संस्थान के जानकी नवमी समारोह में सूबे के मंत्री संजय झा, जिवेश मिश्र, आलोक रंजन झा, पूर्व केंद्रीय मंत्री पद्मश्री डॉ0 सीपी ठाकुर, सांसद डॉ0 गोपालजी ठाकुर, नगर विधायक संजय सरावगी, केवटी के विधायक डॉ0 मुरारी मोहन झा आदि शिरकत करेंगे। जबकि संस्थान के संरक्षक द्वय लना मिथिला विवि के कुलपति प्रो0 सुरेंद्र प्रताप सिंह और कासिंद संस्कृत विवि के कुलपति प्रो0 शशिनाथ झा की इस अवसर पर गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
डॉ0 बैजू ने जानकी अभियान में जुटी सभी संस्थाओं को साधुवाद देते कहा कि संस्थान की ओर से इस वर्ष सीता की दो सौ मूर्तियां 8 मई को ऋचालोक द्वारा आयोजित जानकी-सम्मेलन में शिरकत करने वाली माता-बहनों के बीच वितरित की जायेंगी, ताकि घर-घर में जानकी पूजन हो तथा अभियान और

ज्यादा विस्तार ले सके।
प्रेस वार्ता में डॉ0 बैजू ने आगामी 6, 7 एवं 8 नवंबर को दरभंगा के राज मैदान परिसर में मिथिला विभूति पर्व के स्वर्ण जयंती वर्ष समारोह की चल रही तैयारियां की भी जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि इसमें देश-विदेश से लोग जुटेंगे। भारत के राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री आदि को भी आमंत्रित किया जा रहा है। स्वर्ण जयंती समारोह में मिथिला की सांस्कृतिक विरासत से संदर्भित प्रदर्शनी के अलावा पुस्तक मेला का भी आयोजन होगा। उन्होंने सभी मिथिलावासियों से इसमें शिरकत करने का आह्वान भी किया। डॉ. बैजू ने यह भी जानकारी दी कि इस साल 22, 23 एवं 24 दिसंबर को अमेरिका में अंतर्राष्ट्रीय मैथिली सम्मेलन होगा। इसकी भी व्यापक तैयारी हो रही है।
मौके पर संस्थान के सीता पूजनोत्सव सह मैथिली दिवस समारोह के संयोजक डॉ0 अमलेन्दु शेखर पाठक ने कहा कि ऋचालोक के घर-घर सीता महाभियान को विद्यापति सेवा संस्थान का भरपूर सहयोग-समर्थन मिलता रहा है। इसका

सुखद परिणाम देश-विदेश में शिवधनुर्धारिणी सीता नवमी समारोह की धूम के रूप में सामने है। इस अवसर पर एमएलएसएम कॉलेज की प्रधानाचार्या डॉ0 मंजू चतुर्वेदी ने जानकी-सम्मेलन के आयोजन को काफी उपयोगी बताया और सभी माता-बहनों से इसमें समवेत होने का आग्रह किया। संस्थान के क्रिया-कलापों को उन्होंने मिथिला-मैथिली के सर्वांगीण विकास का आधार माना।
मीडिया के समक्ष संस्थान के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ0 बुचरू पासवान, डॉ0 महेंद्रनारायण राम, जानकी-सम्मेलन की संयोजिका डॉ. सुषमा झा, डॉ0 रामसुभग चौधरी, शोभायात्रा प्रभारी विनोद कुमार झा, मीडिया संयोजक प्रवीण कुमार झा, सह मीडिया प्रभारी प्रो0 चंद्रशेखर झा बूढ़ाभाइ ने भी अपनी भावनाएं रखीं। सभी ने संस्थान के आयोजनों से समग्र समाज को जोड़ने के प्रति संकल्प व्यक्त किया।

