
शहर के दो केंद्रों पर होगी मैट्रिक की कंपार्टमेंटल परीक्षा, तैयारियां पूरी।
दरभंगा: शहर के दो केंद्रों पर गुरुवार से मैट्रिक की कंपार्टमेंटल परीक्षा शुरू होगी। प्रशासनिक स्तर पर इसकी तैयारी पूरी कर ली गयी है। प्रथम दिन प्रथम पाली में गणित व द्वितीय पाली में विज्ञान की परीक्षा होगी।
छह मई को पहली पाली में सामाजिक विज्ञान तथा दूसरी पाली में अंग्रेजी की परीक्षा होगी। परीक्षा में कुल 2967 परीक्षार्थी भाग लेंगे। इनमें 1500 छात्र व 1400 छात्राएं हैं। परीक्षार्थियों की सुविधा को देखते हुए सभी तैयारियां पूरी की जा रही है।
उधर, परीक्षा को लेकर सदर एसडीओ स्पर्श गुप्ता ने आदेश पत्र निर्गत किया है। इसमें कहा गया है कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति, पटना द्वारा आयोजित माध्यमिक कम्पार्टमेन्टल सह

विशेष परीक्षा, 2022 पांच, छह, सात व नौ मई को दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9:30 से 12:45 और दूसरी पाली दोपहर 01:45 से शाम पांच बजे तक होगी। परीक्षा के लिए शहरी क्षेत्र में दो केंद्र बनाये गए हैं। इनमें बीकेडी राजकीय बालक (जिला स्कूल), दरभंगा व एमएल एकेडमी, लहेरियासराय हैं। परीक्षा के स्वच्छ व शांतिपूर्ण संचालन के लिए प्रत्येक परीक्षा तिथि को परीक्षा केन्द्र के आसपास 500 गज की परिधि में निषेधाज्ञा लागू रहेगी।
वहीं परीक्षा केन्द्रों के अंदर मोबाईल फोन, ब्लूटूथ, वाई-फाई गैजेट, कैलकुलेटर, स्लाइड रूल, ग्राफ पेपर, चार्ट, इलेक्ट्रोनिक पेन, घड़ी, एटीएम कार्ड एवं अन्य कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण आदि ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

